हैंडपंप पर कब्जा कर पानी किया अवरुद्घ
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दावनी में दबंगों द्वारा सार्वजनिक हैंडपंप पर अवैध रुप से कब्जा कर उसका पानी अवरुद्ध कर लिया है। ग्रामीणों ने डीएम को एक ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि उनके मुहल्ले में करीब 20 साल से पानी की किल्लत को देखते हुए व मुहल्लेवासियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा एक सार्वजनिक हैंडपंप लगवाया गया, जिससे सभी मुहल्ले के लोग पानी भरते चले आ रहे थे। लेकिन, उक्त हैंडपंप के पानी का निकास बगल के खेतों से होकर किया गया था, लेकिन उक्त दबंग किस्म के लोगों द्वारा पानी के निकास को खेत से बंद कर दिया गया, जिससे हैंडपंप के आसपास पानी भर गया है। मुहल्ले के बच्चे व बड़े बीमारी से ग्रस्त हो रहे हैं। इस संबंध में प्रधान, सेक्रेटरी व सफाई कर्मी से कहा, लेकिन उक्त दबंग होने के कारण कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उक्त हैंडपंप से अवैध कब्जा हटाए जाने और कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन पर शिशुपाल, संजय, अजय, इंद्रपाल, धर्मेंद्र कुमार, सुनील के हस्ताक्षर हैं।