ललितपुर-बालाबेहट। बालाबेहट पुलिस ने चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश जा रही 70 बोरी यूरिया से भरा लोडिंग वाहन पकड़ लिया। कृषि अधिकारियों ने जांच की, जिसमें उर्वरक विक्रेता व वाहन चालक उर्वरक के प्रपत्र नहीं दिखा सके। कृषि अधिकारियों ने बालाबेहट थाने में शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि बालाबेहट थानाध्यक्ष 30 अगस्त की रात में अंतरराज्यीय मध्य प्रदेश की सीमा पर चेकिंग कर रहे थे, तभी एक पिकअप वाहन 70 बोरी यूरिया लेकर निकली। उन्होंने वाहन को रोक लिया और इसकी सूचना दी। वह और एडीओ कृषि प्रदीप कुमार, वरिष्ठ सहायक रामनारायन चौरसिया अगले दिन सुबह थाने पहुंचे और जांच की। पाया कि उक्त पिकअप मालिक/फुटकर उर्वरक विक्रेता पाली के मोहल्ला कुरयाना निवासी पीयूष जैन और वाहन चालक बहादुर खंगार बाबू ने उक्त 70 बोरी यूरिया से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इससे स्पष्ट है कि उक्त यूरिया कालाबाजारी के लिए मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। यूरिया पिकअप मालिक व विक्रेता एवं वाहन चालक की सुपुर्दगी में दी गई।