ललितपुर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसका उद्देश्य उन्हें नौकरी की तलाश के बजाय उद्यमी बनने में मदद करना है। योजना के तहत बिना किसी गारंटी के पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। जिले के शिक्षित युवा इस योजना से लाभान्वित होकर सक्षम उद्यमी बन रहे हैं।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2200 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 631 आवेदकों को ऋण स्वीकृत कर वितरित किया गया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, लाभार्थियों को करीब 2.71 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है। योजना में बेरोजगार युवाओं के साथ महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और दिव्यांगजनों को भी प्राथमिकता मिलती है।
0000
योजना के लाभ और प्राथमिकता
यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ब्याजमुक्त ऋण से उन्हें अपना कारोबार शुरू करने में आसानी होती है। परियोजना लागत पर 10 फीसदी मार्जिन मनी सब्सिडी भी प्रदान की जाती है।
-
योजना से सुधर रहा आर्थिक स्तर
जिले के अनुराग कुमार, रामस्वरूप, संजय सेन, रचना पांडेय, मनीष कश्यप, श्रद्धा रजक, नैंसी ने बताया कि सरकार की ओर से उन्हें जो ऋण दिया गया है। उसे वह अपने काम को और बढ़ा रहीं हैं। इससे परिवार का आर्थिक स्तर सुधर रहा है।
21 से 40 वर्ष तक होनी चाहिए आयु
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का निवासी होना जरूरी है। उसकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठवीं उत्तीर्ण निर्धारित है। इसके अलावा सरकार की किसी प्रशिक्षण योजना में प्रशिक्षण प्राप्त करने अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय या संस्थान से कौशल संबंधी प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री होना जरूरी है।
-
सरकार का लक्ष्य प्रतिवर्ष करीब एक लाख युवाओं को सहायता देकर 10 वर्षों में 10 लाख उद्यमी तैयार करना है। जिसके तहत अभ्यर्थियों के आवेदन लिए जा रहे हैं। योजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी भी दी जाती है।-अतहर जमाल,उपायुक्त जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता केंद्र।