ललितपुर। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत खेत तालाब निर्माण के लिए भूमि संरक्षण विभाग द्वारा विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। अभी तक महरौनी और ललितपुर इकाई में कुल 63 खेत तालाबों का निर्माण किया गया है।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के घटक पर ड्रॉप मोर क्रॉप के उपघटक अदर इंटरवेशन अंतर्गत वर्षा जल संचयन के लिए खेत तालाब योजना में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और किसानों को सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खेत तालाब निर्माण के लिए 16 से 31 अक्तूबर तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। शासन द्वारा जनपद में भूमि संरक्षण इकाई ललितपुर एवं महरौनी को 180 खेत तालाब के निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। इसमें से महरौनी इकाई ने 32 एवं ललितपुर इकाई ने 31 खेत तालाबों का निर्माण पूर्ण कर लिया है। इस विशेष अभियान के अनुरूप 16 अक्तूबर को विकास खंड जखौरा के ग्राम जैरवारा में लाभार्थी कृषक व्रजभान के खेत पर मशीन के द्वारा खेत तालाब की खुदाई शुरू की गई है। जिला कृषि अधिकारी रंजीत कुमार चौरसिया एवं भूमि संरक्षण अधिकारी ललितपुर उपमा गौतम ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। विकास खंड मड़ावरा के ग्राम वारचीन में शनिवार को राजपाल सिंह पटेल के खेत में मशीन से खेत तालाब की खुदाई का कार्य उप कृषि निदेशक अख्तर हुसैन एवं भूमि संरक्षण अधिकारी महरौनी डॉ. सरस कुमार तिवारी के निर्देशन में किया गया। जिले में दोनों इकाइयों द्वारा 24 खेत तालाबों के खुदवाने के लिए स्थलीय निरीक्षण कर लिया गया है। अभियान के माध्यम से किसानों को खेत तालाब निर्माण के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का अधिकाधिक संचयन कर आवश्यकता के समय फसलों की सिंचाई में उपयोग किया जा सके।