धरतेरस पर जमकर मेहरबान हुए कुबेर, ग्राहकों की पसंद बने चांदी के नोट
ललितपुर। धनतेरस के दिन सोमवार को बाजारों में भगवान कुबेर खूब मेहरबान रहे, बाजारों में लोगों ने जमकर धन बारिश हुई। ज्वेलरी मार्केट, बर्तन बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स व ऑटोमोबाइल बाजार के शोरूमों पर खरीदारी के लिए लोगों की खूब भीड़ उमड़ी रही। आभूषणों की दुकानों पर इस बार बाजार में चांदी के 50 से लेकर दो हजार रुपये के नोट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सराफा बाजार में करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार बताया जा रहा है तो वहीं आटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स में कुल मिलाकर करीब सोलह से 17 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है।
बाजारों में भले ही आम दिनों में जीएसटी, नोटबंदी व महंगाई का हवाला देकर आम बाजार में मंदी होना दर्शाया जा रहा हो, लेकिन दीपावली से दो दिन पूर्व धनतेरस पर बाजारों में जमकर लोगों में दिल खोलकर खरीदारी की। आभूषणों की दुकानों पर पूरे दिन भर लोगों ने अपनी पसंद के आभूषणों की खरीदारी की। एक ही दिन में आभूषण मार्केट, ऑटो मोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य शोरूम में ही करीब 16 से 17 करोड़ रुपये तक का कारोबार होना बताया गया है। धनतेरस के दिन सोने, चांदी व हीरे के आभूषणों की खूब बिक्री हुई। आभूषण व्यापारी संदीप सर्राफ ने बताया कि पिछली बार से अच्छा बाजार रहा है। इस बार आभूषण बाजार में कुंदन, हॉल मार्क ज्वैलरी, मोती सैट, लक्ष्मी-गणेश के चांदी व गोल्ड प्लेटेड सिक्के, चांदी के बर्तन, चांदी के पूजन के बर्तन, विशेष तौर पर लोगों द्वारा पसंद किए जा रहे हैं और इनकी जमकर बिक्री हुई है। इसके साथ ही 50 रुपये, 100 रुपये, दो सौ रुपये व दो हजार रुपये के चांदी के नोट लोगों द्वारा खूब पसंद किए जा रहे हैं, जो विशेष तौर पर लक्ष्मी पूजन के लिए लोगों द्वारा खरीदे जा रहे हैं। यह नोट मात्र 250-300 रुपए में ही बाजार में उपलब्ध हैं, जो देखते ही बनते हैं।
ऑटो मोबाइल बाजार भी खूब दौड़ा
धनतेरस के दिन शहर में विभिन्न ऑटोमोबाइल की दुकानों पर भी भगवान कुबेर जमकर मेहरबान रहे और जमकर धन वर्षा की। खासकर दो पहिया वाहनों की खूब बिक्री हुई, जो वाहन व्यापारियों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में अच्छी बुकिंग हुई है। यहां तक कि कई शोरूम पर तो बुकिंग खत्म होने के बाद भी दो पहिया वाहनों की खरीदारी जारी रही। अंशुल भदौरा ने बताया कि इस बार होंडा कंपनी के करीब 120 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई है, जबकि बुकिंग ही मात्र 60 वाहनों की हुई थी। वहीं वहीं हीरो मोटोकॉर्प के सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार धनतेरस के दिन वाहनों की बिक्री इस बार अच्छी रही है। इस बार तीन अलग-अलग काउंटर लगाकर बिक्री की गई है। वहीं, अन्य कंपनियों के कई शोरूम में भी 90 से सौ वाहनों तक की बिक्री हुई है। हालांकि इस बार मंडी बंद होने और खरीफ की फसल बहुत अच्छी नहीं होने से बाजार में असर भी देखने को मिला है।
इलेक्ट्रानिक बाजार की भी रही चांदी
सोमवार के दिन धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक बाजार भी आकर्षण का केंद्र रहे। जहां जमकर धन बारिश हुई। व्यापारियों ने बताया कि इस बार नई किस्म की एलईडी टीवी, नए अंदाज के फ्रिज और वाशिंग मशीन, माइक्रोबेव उपकरण और आकर्षक मोबाइल भी लोगों के लिए पसंद आने पर खूब खरीदारी की गई।
कपड़ा धनतेरस का मौका था, तो लोगों ने जरूरत की वस्तुओं के साथ ही कपड़ा की भी खूब खरीदारी की। रेडिमेड कपड़ों की दुकानों पर फेशनेबिल कपड़ों को लोगों अधिक पसंद कर खरीदतेे देखे गए। वहीं, साड़ी बाजार में भी व्यापारियों ने दुकानों को आकर्षक अंदाज में सजाया, जहां महिलाओं ने जमकर अपनी पसंद के अनुसार साड़ियों की खूब खरीदारी की। बाजार में इस बार भी हजार रुपये एवं इससे अधिक कीमत की साड़ियां खूब बिकीं।
बर्तन बाजारों में खरीदारी को उमड़े लोग
धनतेरस के दिन नए बर्तनों को खरीदने का रिवाज है ओर उसकी पूजन कुबेर पूजन व दीपावली पूूजन के साथ होती है। इसी मान्यता के अनुसार धनतेरस पर बर्तन बाजार में दोपहर बाद बर्तनों को खरीदने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ा रहा, यह सिलसिला रात्रि में भी चलता रहा है। यहां तक कि शाम के समय बर्तन बाजार में आकर्षक लाइटिंग भी की गई थी। बर्तन बाजार में अधिक भीड़ होने के चलते शाम के समय यहां यातायात व्यवस्था को देखते हुए बर्तन बाजार में वाहनों के आने जाने पर प्रशासन द्वारा रोक लगा दी गई और सुरक्षा गश्त भी बढ़ा दी गई।