अब शिक्षकों को विद्यालयों में लगानी होंगी ‘हाजिरी’
दो बीईओ ने ही उपलब्ध कराई संबद्धीकरण की सूची
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के कार्यालयों में संबद्धीकरण पर विभाग ने शिकंजा कस दिया है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से इन शिक्षकों का ब्योरा तलब किया है। इससे शिक्षकों में खलबली मच गई है।
आज भी तमाम शिक्षक दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षण कार्य करने से कतराते हैं। वह इससे बचने के लिए जनपद व ब्लॉक मुख्यालय के आसपास स्कूलों, बीआरसी व बीएसए कार्यालय में ड्यूटी कर रहे हैं और किसी न किसी कार्य के बहाने महीनों स्कूल से दूर बने रहते हैं। इससे परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा में सुधार नहीं हो पाता है। यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है। बीते दिनों बेसिक शिक्षा परिषद की सचिव रूबी सिंह ने बीएसए को पत्र लिखकर शिक्षकों का अन्य कार्यालयों में सम्बद्घीकरण नहीं करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि संज्ञान में आया है कि परिषदीय विद्यालयों के कतिपय अध्यापकों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने कार्यालय में सम्बद्घ किया गया है। शासन की मंशा अनुरूप किसी भी कर्मचारी का सम्बद्घीकरण उसकी मूूल तैनाती से भिन्न कार्यालय में नहीं किया जा सकता है। यदि अध्यापकों के सम्बद्घीकरण के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो वह उत्तरदायी माने जाएंगे। इसके अनुपालन में बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से सम्बद्घ शिक्षकों की सूची तलब की है। इसमें से तालबेहट व बिरधा के खंड शिक्षा अधिकारी ने ही सम्बद्घीकरण का ब्योरा दिया है। बाकी खंड शिक्षा अधिकारी बेफ्रिक बने हुए हैं। अब एसडीएम सदर घनश्याम वर्मा ने बीएसए का चार्ज संभाल लिया है। उनका कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारियों से जो भी सूचना मांगी जाएगी, उन्हें वह उपलब्ध करानी होगी। शिक्षकों के सम्बद्घीकरण को समाप्त करने के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। उन्होंने तीन दिवस में खंड शिक्षा अधिकारियों को सम्बद्घ शिक्षकों की सूची मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
......
आईजीआरएस पर हुई शिकायत
बीएसए कार्यालय में शिक्षकों के सम्बद्घीकरण की शिकायत की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि शिक्षकों को बीएसए कार्यालय में नियम विरूद्घ तरीके से सम्बद्घ किया गया है। जो कार्य बाबू से लिया जाना चाहिए, उसे शिक्षकों से लिया जा रहा है। वहीं, एक लिपिक द्वारा बाहरी युवकों से विभागीय कार्य लिया जा रहा है जो गलत है। अध्यापकों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन व प्रमाण पत्र वापिस करने के लिए नाम सुविधा शुल्क मांगा जाता है। शिक्षा मित्रों के समायोजन में भी गड़बड़ी की गई है। इसी तरह सरप्लस शिक्षकों के समायोजन में अध्यापकों को मनमाफिक विद्यालय का आवंटन कर खेल कर लिया गया है और भी कई गंभीर आरोप हैं।
......
तीन दिवस में देनी होगी सूचना
खंड शिक्षा अधिकारियों को तीन दिवस में सम्बद्घीकरण की सूचना देनी होगी। शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। अब शिक्षकों का एक भी सम्बद्घीकरण नहीं रह पाएगा।
घनश्याम वर्मा
बीएसए/एसडीएम सदर
......
एसडीएम सदर को मिला चार्ज
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मायाराम के निलंबित होने के पश्चात एसडीएम सदर घनश्याम वर्मा को इसका अतिरिक्त प्रभार सौपा गया है। आज उन्होंने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।