चौपाल में डीएम ने परखीं योजनाएं, चार बच्चे कुपोषित मिले
लाभार्थियों को योजनाएं का पूर्ण लाभ दिलाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। विकास खंड बार के ग्राम पंचायत बानौनी में संध्याकालीन जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें डीएम मानवेंद्र सिंह ने गांव में कराए गए विकास कार्यों का जायजा लिया और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत निर्मित शौचालय की स्थिति देखी।
डीएम द्वारा चौपाल में समस्त विभागों की विभागवार समीक्षा की गई और यहां विभिन्न जनपद स्तरीय/ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्राम विद्युतीकृत है। यहां पर 21 ट्रांसफार्मर, 55 पोल स्थापित हैं तथा ग्राम में 135 कनेक्शनधारक हैं। ग्राम में लगभग 16 घंटे विद्युत की आपूर्ति की जाती हैै। डीएम ने निर्देश दिए कि ग्राम में शिविर लगाकर और अधिक कनेक्शन दिए जाएं। ग्राम में अधिष्ठापित हैंडपंपों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बताया गया कि ग्राम में तीन आवास आवंटित हैं एवं सभी आवास पूर्ण स्थिति में हैं। मनरेगा के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्राम में कुल 19,085 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य प्राप्त था, जिसमें से 19,023 मानव दिवसों का सृजन किया गया है। ग्राम में कुल 396 जॉबकार्ड धारक परिवार हैं, जिनमें से 358 क्रियाशील हैं। चौपाल में जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्राम में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 189 शौचालय निर्माण का लक्ष्य प्राप्त है, जिनमें से 160 का कार्य पूर्ण है तथा 29 शौचालय निर्माणाधीन अवस्था में है। उन्होंने ग्रामीणों को शौचालय के प्रयोग तथा उसकी उपयोगिता के बारे में जागरूक किया। समस्त प्रकार की पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी/जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय द्वारा बताया गया कि ग्राम में वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान की जानकारी दी गई। उन्होंने चौपाल के दौरान पेंशन के लाभार्थियों की सूची पढ़ कर ग्रामीणों से उनका मौखिक सत्यापन कराया, साथ ही विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की। चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत प्रति वर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज दिया जाता है, जो सरकारी एवं प्राईवेट अस्पतालों के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव पर बल दिया गया एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में भी बताया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के बारे में पूछा, जिस पर बताया गया कि ग्राम में एक प्राथमिक व एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें जूता-मोजा, पुस्तक, ड्रेस एवं स्वेटर का वितरण किया जा चुका है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्राम में 02 आंगनबाड़ी केन्द्र स्कूल में संचालित हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम में 07 माह से 03 वर्ष तक के 154 बच्चे, 03 वर्ष से 06 वर्ष तक 150 बच्चे, 26 गर्भवती महिलाएं, 14 किशोरी बालिकाएं, 37 धात्री महिलाएं एवं 04 कुपोषित बच्चे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों को शीघ्र लाल श्रेणी से पीली श्रेणी में लाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही चौपाल में सरकार द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री जनधन खाता, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा योजना, अटल पेंशन योजना के बारे में जानकारी दी गई। चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी महरौनी धीरेंद्र प्रताप, उपायुक्त श्रम रोजगार इंद्रमणि त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके शाक्य, अग्रणी बैंक प्रबंधक एसके श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रवण कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विजयप्रभा, अधिशासी अभियंता विद्युत आकाश सचान, आदि उपस्थित रहे।