अनियंत्रित बस खाई में गिरी, चार घायल
ललितपुर। बानपुर थानांतर्गत छिल्ला और बिल्ला गांव के मध्य टीकमगढ़ से ललितपुर आ रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इससे बस में सवार चार सवारियां घायल हो गई। वहीं कुछ सवारियां मामूली चोटहिल हो गई हैं। गनीमत रही कि रविवार का दिन होने के चलते बस में कम सवारियां मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह चार बजे टीकमगढ़ से चलकर एक निजी बस ललितपुर आ रही थी। इसी दौरान बिल्ला गांव निकलते ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खोदी गई खदान मं चली गई। इससे सवारियों में चीखपुकार मच गई। आनन-फानन में राहगीरों की मदद से पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस स्पीड में होने के कारण ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख पाया और हादसा हो गया। वहीं बस ड्राइवर ने गाय बचाने के चक्कर में बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को दी है। बस दुर्घटना में बानपुर निवासी राजू पुत्र हल्के राम, टीकमगढ़ निवासी भगवान दास पुत्र राजधर, बानपुर के श्यामपुर निवासी जशोदा पत्नी मोहन और मूलचंद्र पुत्र मलखान घायल हो गए हैं। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मामूली रूप से घायल राधा, राजवती, नीलम, भजनलाल, सोनू जैन, राजवती, लक्ष्मी, निशा और माधुरी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। ग्रामीणों की मानें तो उन्होंने बताया रविवार का दिन होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली दिवस में इस बस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सवार होकर जाते हैं।