खितवांस में कई दिनों से बंद चल रहे गेहूं क्रय केंद्र
उठान नहीं होने से तुलाई प्रभावित, किसान परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
महरौनी ब्लॉक अंतर्गत किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के लिए दो क्रय केंद्र खोले हैं। लेकिन दुर्भाग्य दोनों क्रय केंद्र बंद चल रहे हैं, जिससे किसान अपना नंबर लगाकर तुलाई कराने के लिए परेशान हो रहा है। वहीं, एक क्रय केंद्र तो यहां घर में ही संचालित किया जा रहा है।
किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के लिए शासन द्वारा जनपद में एक सैकड़ा गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं, जहां किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य के हिसाब से गेहूं की खरीद की जा रही है। यह क्रय केंद्र शासन द्वारा तय मानकों के अनुसार खोले गए हैं। इसमें निर्धारित क्रय केंद्रों पर पूर्ण सुरक्षा के साथ गेहूं की तुुलाई कर छायादार स्थान पर बोरों को रखना होता है। इसके साथ ही किसानों को बैठने के लिए भी उचित छायादार स्थान के साथ ही पेयजल की व्यवस्था होना चाहिए। लेकिन जनपद में कई केंद्रों पर भारी अव्यवस्थाएं रखी गई हैं, जिसके चलते किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। ऐसा ही हाल महरौनी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम खितवांस में खोले गए दो क्रय केंद्रों का है। इसके तहत खितवांस गांव में एक क्रय केंद्र बस स्टैंड के पास एक मकान में संचालित हो रहा है। हालांकि यहां गेहूं का स्टॉक मकान के पास लगे टिन शेड में किया जा रहा है। लेकिन यहां स्टॉक तो फुल हो गया है, लेकिन समय से उठान नहीं होने से तुलाई प्रभावित हो रही है। यही नहीं यहां कुछ दिनों से क्रय केंद्र भी बंद चल रहा है। ऐसे में किसानों को अपना नंबर पाने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना होता है, लेकिन अब क्रय केंद्र बंद होने से किसानों की तुलाई ही बंद चल रही है। वहीं, खितवांस में ही एक कैलगुवां पीसीएफ का भी एक क्रय केंद्र मिर्चवारा मंडी में खोला गया है, यह क्रय केंद्र भी कुछ दिनों से बंद होने की शिकायतें मिल रही हैं। जबकि इन दोनों क्रय केंद्रों पर किसानों की गेहूं से लदे ट्रैक्टर टॉली की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुुई हैं। हालांकि अव्यवस्थाओं की शिकायतें मिलने पर डीएम द्वारा लगातार क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और अनियमितताएं पाए जाने पर कठोर कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बाद भी कई क्रय केंद्रों पर अव्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं।