कोटा दुकान आवंटन में धांधली का आरोप
मड़ावरा(ललितपुर)। विकासखंड मड़ावरा के जलंधर में पिछले 4-5 माह से निलंबित चल रही उचित दर राशन बिक्री की दुकान को नए सिरे आए आवंटन प्रक्रिया में धांधली हुई है। ऐसा आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर आरोपी अफसरों का घेराव किया। ग्राम खैरपुरा, बिरोन्दा और जलंधर के पीड़ित ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र तहसीलदार मड़ावरा गुलाबसिंह को सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में उनके गांव के ग्रामीण सचिवालय में कोटा दुकान आवंटन प्रस्ताव के लिए कार्रवाई बैठक बुलायी गई। बैठक में बगैर आम-रायसुमारी के ही मिलीभगत कर गांव के एक दबंग व्यक्ति के पक्ष में कोटा का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। उस व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मुकदमे लंबित चल रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीडीओ और पंचायत सेक्रेटरी द्वारा सुविधा शुल्क लेकर कारगुजारी को अंजाम दिया गया है। ग्रामीणों ने तहसील परिसर में इस अनियमितता के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए इस कूटरचित प्रस्ताव को खारिज कर नए सिरे से आवंटन प्रक्रिया किसी अन्य विभाग के अधिकारी के समक्ष संपादित कराये जाने की मांग की है। ज्ञापन पर फेरणसिंह, प्रीतम, महेंद्र, मुकेश, सुम्मेर, खिलान, अनिल कुमार, राममिलन, दृगसिंह, भैयालाल, सोहन, गोविंद, बदनसिंह, संतोष, रामकुमारी, सुरपाल, अच्छेलाल, प्रेमरानी, पूरन, पंचम, परसाटावारी समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।