संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तहसील पाली मुख्यालय पर निर्माणाधीन 50 शैय्या अस्पताल का कार्य डेढ़ माह से ठप पड़ा है। दो मंजिला भवन बनकर तैयार है, दीवारों पर प्लास्टर कर दिया गया है, लेकिन गेटों में दरवाजे और खिड़कियां नहीं लग सकी हैं। बिजली की फिटिंग तक नहीं हुई है।
अस्पताल की कमी के चलते पाली के लोगों को इलाज के लिए 30 किलोमीटर दूरी जिला मुख्यालय आना पड़ता था। समय से अस्पताल न पहुंचने पर कई बार मरीजों की जान तक चली जाती थी। वित्तीय वर्ष 2022-23 में एनएचएम के अंतर्गत 50 शैय्या के फील्ड अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति मिली। 20 मार्च 2023 से भवन निर्माण शुरू किया गया। 3.25 करोड़ की लागत से इसे 19 दिसंबर 2023 तक बनकर तैयार होना था, लेकिन अब तक भवन में गेट व खिड़कियां नहीं लगाई जा सकी हैं। परिसर के बाहर से अंदर जाने के लिए सीढ़ियां भी नहीं लगाई गई हैं। पेंटिंग समेत अन्य कार्य अधूरे पड़े हैं। पानी की सुविधा के लिए टंकी व नल फिटिंग का कार्य भी शेष है। अस्पताल का निर्माण लगभग डेढ़ माह से बंद पड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि पहली किस्त 1.62 करोड़ रुपये मिली थी, दूसरी किस्त 1.62 करोड़ आनी शेष है। किस्त मिलते ही कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा।
-
फैक्ट फाइल
अस्पताल में बेड की संख्या - 50
अस्पताल की निर्माण लागत - 3.25 करोड़
प्राप्त हो चुकी पहली किस्त - 1.62 करोड़
शेष दूसरी किस्त की राशि - 1.62 करोड़
निर्माण शुरू होने की तिथि - 20 जनवरी 2023
कार्य पूर्ण होने की तिथि - 19 दिसंबर 2023
-
वर्जन
पाली में निर्माणाधीन 50 शैय्या अस्पताल का कार्य रुक गया है। दूसरी किस्त मिलने पर पूर्ण कराया जाएगा।-डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ