संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गर्मी में ओवरलोड के कारण फुंकने वाले ट्रांसफॉर्मर से आपूर्ति बाधित होने की समस्या दूर करने में ट्रॉली की कमी बाधा बनी है। बीते माह ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल ट्रांसफॉर्मर के लिए डिमांड भेजी गई थी। विभाग ने ट्रांसफॉर्मर तो उपलब्ध करा दिए, लेकिन ट्रॉली न मिलने से समस्या जस की तस है।
अब तक नगर पालिका परिषद ललितपुर, नगर पंचायत तालबेहट और महरौनी में ही मोबाइल ट्रांसफॉर्मर की सुविधा है। इन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने पर मोबाइल ट्रांसफॉर्मर से आपूर्ति सुचारु कर दी जाती है। लेकिन, ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर बदलने तक बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए विद्युत विभाग ने चार मोबाइल ट्रांसफॉर्मर का प्रस्ताव भेजा था। ट्रांसफॉर्मर के साथ ट्राॅली न मिलने से उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
-
इन स्थानों पर नहीं है मोबाइल ट्रांसफॉर्मर
तहसील मुख्यालय मड़ावरा, ब्लॉक मुख्यालय बिरधा, जखौरा, बार आदि समेत अन्य छोटे कस्बा बानपुर, राजघाट, नाराहट, सौजना, बालाबेहट, पूराकलां में समस्या बनी हुई है।
-
इन स्थानों पर है सुविधा
नगर पालिका ललितपुर में तीन, नगर पंचायत तालबेहट में दो, नगर पंचायत महरौनी व पाली में एक-एक मोबाइल ट्रांसफॉर्मर है।
-
विभाग के पास ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं, ट्रॉली मिलने का इंतजार है। जैसे ही संसाधन मिलेंगे, दिक्कत दूर हो जाएगी।
- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल