पर्यटन विकास के लिए स्थानीय नागरिक हों जागरुक
उप्र पर्यटन विभाग एवं इन्टैक ललितपुर चैप्टर ने विश्व पर्यटन दिवस मनाया
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में उप्र पर्यटन विभाग एवं इन्टैक ललितपुर चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन विकास के लिए स्थानीय वाशिंदों को स्वयं जागरूक होना होगा।
अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि ललितपुर जनपद प्राचीन धरोहरों, पर्यटन स्थलों एवं नैसर्गिक सौंदर्य से ओतप्रोत है, लेकिन पर्यटन विकास में संसाधनों की कमी आड़े आ रही है। स्थानीय निवासियों को जागरूक होकर क्षेत्रीय के महत्व को त्यागकर चुनिंदा पर्यटन स्थलों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। इसमें देवगढ़ का दशावतार मन्दिर, दूधई एवं तालबेहट का भारतगढ़ दुर्ग पर्यटन स्थल प्रमुख हैं। बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र में बनने वाले क्रान्तिपथ से पर्यटन स्थलों तक पहुंच सुगम हो जाएगी। शासन द्वारा 200 करोड़ आवंटित किये जाने से तालबेहट, बानपुर एवं बालाबेहट में फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए जारी किए गए हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने इन्टैक ललितपुर चैप्टर द्वारा यहां की धरोहरों व पर्यटनों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म को रिलीज किया। इसमें जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी को समायोजित किया गया है। यह फिल्म ललितपुर के गौरवशाली इतिहास, परम्परा एवं संस्कृति का आईना होगी। टाउन एरिया तालबेहट की चेयरमैन मुक्ता सोनी ने राहुल सांस्कृतायन की अथातो घुमक्कड़ जिज्ञासा से जोड़ते हुये घुमक्कड़ी को पर्यटन विकास के लिए अनिवार्य बताया। इन्टैक संयोजक सन्तोष कुमार शर्मा ने कहा कि इन्टैक द्वारा लगातार धरोहर संरक्षण एवं पर्यटन विकास के लिए हर सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। इसके अलावा भगवत नारायण शर्मा, हरीश कपूर टीटू, रवि चुनगी ने जनपद की धूमिल होती धरोहरों के विकास के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस मौके पर डीएफओ ईश्वर दयाल, पर्यटन सूचना अधिकारी डा चित्रगुप्त श्रीवास्तव, डा नीरज श्रीवास्तव, डा मेहताब खान, डा अंजनी कुमार श्रीवास्तव, भगवत नारायण शर्मा, बार एसोसियेशन के अध्यक्ष काशीराम कुशवाहा, पूर्व बार एसोसियेशन अध्यक्ष केहर सिंह बुन्देला, सुरेन्द्र नारायण शर्मा, दिनेष चतुर्वेदी, बृजेश चतुर्वेदी, राजीव हुण्डैत, नीलेष चौधरी, दीपक पाठक, त्रिलोकी पटैरिया, रविन्द्र पाठक, रत्नेश तिवारी, राजेश लिटौरिया, रवि नारायण चौबे, अज्जू बाबा, कन्हैया नामदेव, अर्चना अग्रवाल, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह, अमित तिवारी, डा प्रबल सक्सेना, अजय सिंह तोमर, इन्द्रजीत सिंह इन्दर राजा, विनोद त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। संचालन रमाकांत तिवारी ने किया। अंत में आभार रजनीश चड्ढा एवं पर्यटन मित्र फिरोज इकबाल ने व्यक्त किया।