संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करीब 350 शिक्षकों द्वारा किया जाएगा। शिक्षकों को तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
करीब 17 दिन चली परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी के बीच राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन करवाने की तैयारी में शिक्षा विभाग जुटा है। 16 मार्च से राजकीय इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा। मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए 350 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सूची बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षक तैनात किए जाएंगे। गड़बड़ी को रोकने के लिए मूल्यांकन में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को पहचान पत्र जारी किया जाएगा। इसके साथ मूल्यांकन केंद्र के अंदर जाने से पूर्व शिक्षकों की गहनता से तलाशी ली जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक शिक्षक एक दिन में करीब 50 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया चल रही है।