ललितपुर। जनपद में पांच दिन पहले आई आंधी का असर अब भी ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है और अब तक ग्रामीण इलाकों की बिजली पटरी पर नहीं लौट सकी। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में चौबीस घंटे में से औसत 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। नाराहट फीडर के करीब 35 गांवों को पांच दिन से रात्रि में बिजली नहीं मिल रही है। दिन में छह से सात घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।
जनपद में तीन अप्रैल की रात को दुनारा से ललितपुर आने वाली 132 केवी, 220 केवी लाइन के छह टावर गिरने से बिजली आपूर्ति रात भर ठप रही थी, जिसके बाद ट्रांसमिशन अधिकारियों द्वारा जनपद को दिन के समय सोलर प्लांट, राजघाट और माताटीला एवं रात्रि के समय राजघाट व माताटीला से बिजली मुहैया कराई जाने लगी और टावरों के मरम्मत करने का कार्य शुरू कर दिया गया। इसके बाद ट्रांसमिशन विभाग द्वारा जनपद को अतिरिक्त बिजली आपूर्ति मुहैया कराना शुरू कर दिया गया, ताकि रात्रि के समय जनपद को कटौती से मुक्त रखा जा सके।
लेकिन, आंधी से मड़ावरा समेत अन्य क्षेत्रों में हाइटेंशन लाइनों के करीब 25 विद्युत खंभे टूट गए थे, जिन्हें सुधारने के दो दिन बाद क्षेत्र में आपूर्ति सुचारु हो सकी। जनपद के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी रात्रि के समय मुश्किल से दो या तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इनमें नाराहट फीडर के करीब 30 से अधिक गांव में तो दिन के समय तो मुश्किल से छह से सात घंटे बिजली मिल रही है। पिछले पांच दिनों से रात के समय लगातार कटौती हो रही है। ऐसे में जनपद के अधिकांश गांव में औसतन 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है।
ऐसा ही हाल पाली, महरौनी व मड़ावरा के ग्रामीण क्षेत्रों का है, जहां किसी- किसी फीडर के गांवों में छह से आठ घंटे कटौती हो रही है। जनपद में बीते चार दिनों से रात्रि के समय तेज हवा व बारिश की बौछारें पड़ने से विद्युत विभाग द्वारा एहतियातन एक से दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है और इसी दौरान कई फीडरों के तहत हाइटेंशन तारों पर पेड़ों की टहनियां गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी लाइनें बाधित हैं, उनके मरम्मत किए जाने का कार्य कराया किया जा रहा है। मड़ावरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 25 खंभे पिछले दिनों आई आंधी में टूट गए थे, जिन्हें ठीक करा दिया गया है। फिलहाल ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 14 घंटे तक बिजली आपूर्ति हो रही है।
- आकाश सचान, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय।