उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए दीन दयाल ग्रामीण ज्योति योजना के तहत 34.14 करोड़ रुपए के बजट उपलब्ध करा दिया गया है। उक्त योजना में जिन मजरों में बिजली नहीं पहुंच सकी, उनमें बिजली की सुचारु विद्युत व्यवस्था किए जाने, बीपीएल कार्ड धारकों को कनेक्शन निर्गत कराए जाने, जर्जर लाइनों की मरम्मत, सब स्टेशनों की क्षमता वृद्घि समेत सांसद आदर्श ग्राम पवा में विद्युत व्यवस्था में सुधार का कार्य किया जाएगा।
जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन द्वारा शासन की मंशानुसार विभिन्न योजनाओं के तहत विद्युतीकरण व सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में उचित व पर्याप्त विद्युत आपूर्ति मुहैया कराने के साथ-साथ हर व्यक्ति तक बिजली पहुंचाई जा सके। इसी के चलते पावर कार्पोरेशन द्वारा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए 34.14 करोड़ रुपए का बजट एमडी कार्यालय आगरा को मुहैया करा दिया गया है। इसके साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को विद्युत मरम्मत, सब स्टेशनों की क्षमता वृद्घि, लाइनों की मरम्मत आदि के कार्य सौंप दिया गया है। जिन गांव के मजरों में बिजली नहीं है, उन मजरों तक 25.69 करोड़ रुपए से बिजली पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बीपीएल कार्ड धारकों को कनेक्शन निर्गत करने और मीटर लगाने का कार्य 1.89 करोड़ रुपए से किया जाएगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत किए जाने और सब स्टेशनों की क्षमता वृद्घि के कार्य के लिए 4.05 करोड़ रुपए का बजट उपलब्ध कराया गया है। वहीं सांसद आदर्श ग्राम पवा में पचास लाख रुपए से विद्युत व्यवस्था सुधारने का कार्य किया जाएगा। अधिशासी अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि आगरा एमडी कार्यालय से टेंडर प्रक्रिया के तहत उक्त कार्य के लिए कार्यदाई संस्था को विद्युत व्यवस्था में 34.14 करोड़ रुपए से सुधार किया जाना है, जिसमें जर्जर लाइनों की मरम्मत के साथ सब स्टेशनों की क्षमता वृद्घि का कार्य प्रमुख है।