ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम पिपरिया पाली के ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर दिन भर में मात्र चार घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने की शिकायत की है।
ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को दिए ज्ञापन में बताया कि उनके गांव को बिरधा स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित सजनाम फीडर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस फीडर से विभाग द्वारा रोस्टर के विपरीत 24 घंटों में मात्र चार घंटे ही बिजली मुहैया कराई जा रही है. जिससे लोगों को घरेलू कार्यों में तो परेशानी होती ही है, साथ ही नलकूप कनेक्शनों के संचालन के लिए भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे उनके खेतों की सिंचाई का कार्य ठप हो गया है।
ऐसे में यदि शीघ्र ही उन्हें पर्याप्त बिजली आपूर्ति मुहैया नहीं कराई जाती है, तो उनके खेतों की फसल सूख जाएगी। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से उक्त फीडर की जांच कराकर नलकूप संयोजन व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भरपूर विद्युत आपूर्ति किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन पर हरिश्चंद्र, शिवराम, रामकिशन, गनेश कुशवाहा, तिलक सिंह, रामेश्वर, किशोरी, पप्पू, हरपाल, रामकुमार, विश्वनाथ सिंह, रवि कुमार निरंजन, ज्ञान सिंह, अरविंद सिंह, हरीसिंह, राम सिंह पटेल, प्रताप सिंह, गोरेलाल, उजागर सिंह, द्वारिका प्रसाद आदि के हस्ताक्षर अंकित हैं।
विरधा सब स्टेशन में सभी फीडरों को एक साथ विद्युत आपूर्ति करने में समस्या आ रही है, जिसके चलते उन्होंने मुख्य अभियंता से सब स्टेशनों तक विद्युत आपूर्ति मुहैया कराए जाने को पत्राचार किया है, ताकि फीडरों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति मुहैया कराने और रोस्टर के समय मेंटीनेंस आदि का कार्य किया जा सके।
गौरव कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत।