शहर में गंदगी से प्रभारी मंत्री नाराज
ललितपुर। प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बृहस्पतिवार को शहर की साफ-सफाई सहित जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों के उपचार की नब्ज टटोली। इस दौरान सुपर मार्केट में गंदगी मिलने पर ईओ पर भड़क गए। समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत के कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की एक वेतनवृद्धि रोकते हुए उन्हें विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। परियोजना अधिकारी डूडा की अनुपस्थिति पर भी उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला प्रभारी मंत्री सर्वप्रथम जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने सर्वप्रथम इमरजेंसी वार्ड, डॉक्टरों के केविन, जच्चा-बच्चा वार्ड, बुजुर्ग वार्ड, एसएनसीयू वार्ड, जनरल वार्ड से लेकर पैथोलॉजी एवं दवाईयों के स्टॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से उनको दिये जा रहे उपचार, दवाइयों के वितरण एवं शौचालयों की साफ-सफाई का जायजा लिया। इसी तरह महिला चिकित्सालय में एक्सरे रूम, स्टाफ रूम से लेकर सर्जिकल वार्ड को देखा। इसके उपरांत राजकीय इंटर कॉलेज के समीप बने पब्लिक टॉयलेट को देखा, जहां पर सफाई का अभाव पाया गया।
सुपर मार्केट स्थित पत्रकार भवन, शराब की दुकान व मार्केट की साफ-सफाई का जायजा लिया। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को साफ-सफाई कराने के कड़े निर्देश दिये। निरीक्षण उपरांत मंत्री ने समीक्षा बैठक लेते हुए बारी-बारी से विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में कुल 150 चिकित्सक हैं, जिनमें से 58 राजपत्रित चिकित्सक हैं। हाल ही में जिले में छह और चिकित्सकों ने ज्वाइन किया है। संस्थागत प्रसव का अब तक 97 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त हो चुका है। जननी सुरक्षा योजना के तहत बताया गया कि लगभग 85 प्रतिशत लाभार्थियों को भुगतान प्राप्त हो चुका है साथ ही आशाओं का 90 प्रतिशत भुगतान दिया जा चुका है। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत बताया गया कि 1700 के लक्ष्य के सापेक्ष 850 लाभार्थियों के रजिस्ट्रेशन के उपरांत उनको लाभान्वित किया जा चुका है। जनपद में दो चीरघरों के निर्माण के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है, इसके सापेक्ष महरौनी एवं तालबेहट क्षेत्र में दो चीरघरों तथा बानपुर एवं धौर्रा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण कराया जा रहा है। 14वां वित्त आयोग की समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि अब तक 2 करोड़ 8 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गयी थी, जिसमें से 1.50 करोड़ की राशि का वहन किया जा चुका है।
इस राशि का वहन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल स्वच्छता व्यवस्था, स्कूल शौचालय निर्माण, हैंडपंपों की मरम्मत (रीबोर) आदि पर किया गया है। इस पर उन्होंने सूची बनाकर उपलब्ध कराने के लिए कहा। जिन कार्यदायी संस्थाओं के कार्य में अनियमितता पायी जाएगी, उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। विकलांग पेंशन तथा विधवा पेंशन की तीसरी किस्त प्राप्त हो चुकी है तो वृद्धावस्था पेंशन की माह सितंबर तक की किस्त का भुगतान किया जा चुका है। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के तहत जनपद में 5 सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाना लक्षित है। कोई भी पात्र खाद्यान्न वितरण योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर नाराजगी व्यक्त की। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नई सड़कों के निर्माण में इस वर्ष बजट आवंटित नहीं होेने से कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। ललितपुर-देवगढ़ मार्ग पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। ललितपुर स्टेशन रोड की खस्ताहाल स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी को रेलवे स्टेशन-घंटाघर तक की सड़क का नवीनीकरण कराये जाने के निर्देश दिये।
किसान मंडी के शौचालयों पर ताले लगे होने व सड़कों की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत पर भी नाराजगी जताई। नगरीय स्ट्रीट लाइट की समीक्षा के दौरान कंपनी बाग में लगी स्ट्रीट लाइट गलत दिशा में लगे होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी को प्रात:काल में नगर का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण कर समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिये। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्वेटरों के वितरण का मानक शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिये। विद्युतीकरण की समीक्षा में बताया गया कि जनपद ललितपुर में विद्युतीकरण का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है एवं सौभाग्य योजना के अंतर्गत 10000 नि:शुल्क कनेक्शन दिये जा चुके हैं। ग्राम गदयाना, विकास खंड बार विद्युतीकरण का कार्य अपूर्ण पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। ऋण मोचन योजना के तहत कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले के 38001 किसानों का 215 करोड़ रुपये का ऋण पांच चरणों में माफ किया जा चुका है।
जिले में 133 आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण कार्य लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 90 केन्द्रों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को कार्यों में शिथिलता बरतने, बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने पर महंगा पड़ गया। मंत्री ने उनकी एक वेतन वृद्धि रोकते हुए विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिये साथ ही बैठक में परियोजना अधिकारी डूडा की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री मनोहर लाल पंथ, विधायक सदर रामरतन कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटील, मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय सहित समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।