तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम तरगुवां रेलवे गेट के पहले सड़क पर बने एक स्पीड ब्रेकर से टकराकर एक ट्रक के बंद हो जाने से जखौरा- तालबेहट मार्ग पर तीन घंटे तक बड़े वाहनों की आवाजाही ठप रही। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
तालबेहट- जखौरा मार्ग पर तरगुवां रेलवे गेट क्रमांक -341 पर यातायात सामान्य दिनों की तरह चल रहा था कि सुबह करीब दस बजे तारकोल (डॉमर) लेकर जखौरा की ओर जा रहा एक ट्रक का निचला भाग स्पीड ब्रेकर से टकरा गया। इससे ट्रक बंद हो गया। कई बार प्रयास करने के बाद भी ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। ड्राइवर व अन्य लोगों ने बीच सड़क पर खड़े ट्रक को हटाने का काफी प्रयास किया। लेकिन, वह सफल न हो सके। जानकारी के बाद रेलवे पुलिस मौके पर गई। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब तीन घंटे बाद ट्रक को जंजीर से बांध कर दूसरे ट्रक की मदद से खींच कर सड़क के बीच से हटाया गया। इसके बाद अन्य वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।