- नौ अक्तूबर को पूर्ण हो जाएगी काउंसिलिंग, 2.50 लाख सीट के मुकाबले 2.30 लाख दाखिले की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीएड में प्रवेश की प्रक्रिया नौ अक्तूबर को पूर्ण हो जाएगी। फिलहाल अल्पसंख्यक सीटों की काउंसिलिंग चल रही है। मंगलवार तक प्रदेश में 2.17 लाख सीटों पर दाखिले हो गए। दावा है कि नौ सितंबर तक यह आंकड़ा 2.30 लाख पहुंच जाएगा, जो विगत तीन वर्ष में सबसे ज्यादा है।
वर्ष 2023 में युवाओं के बीच बीएड के प्रति रुझान एकदम कम हो गया था। परिणाम यह रहा कि 2023-24 की बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों में से सिर्फ 1.40 लाख ने दाखिला लिया और प्रदेश भर की 90 हजार से ज्यादा सीटें खाली रहीं। 2024-25 में प्रवेश परीक्षा के बाद सिर्फ 1.32 लाख छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया और 1.20 लाख सीटें खाली रहीं। वर्ष 2025-26 की प्रवेश परीक्षा की काउंसिलिंग चरणबद्ध तरीके से चली। अब अल्पसंख्यक की काउंसलिंग चल रही है, वह भी नौ अक्तूबर को पूर्ण हो जाएगी।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रदेश सह-समन्वयक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव का कहना है कि मंगलवार रात तक प्रदेश की 2.50 लाख सीटों के मुकाबले 2.17 लाख सीट पर दाखिला हो चुका है। दो दिन काउंसिलिंग और चलेगी, जिससे यह आंकड़ा 2.30 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।
0-प्री-पीएचडी कोर्स वर्क की काउंसिलिंग आज से
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बुधवार से प्री-पीएचडी कोर्स वर्क की काउंसिलिंग शुरू होगी। एकेडमिक डायरेक्टर प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि प्री-पीएचडी कोर्स वर्क की प्रवेश परीक्षा 1,110 छात्र-छात्राओं ने उत्तीर्ण की थी। अब 400 सीटों पर दाखिले के लिए काउंसिलिंग शुरू हो रही है, जो विवि के प्रशासनिक ब्लॉक में होगी। पहले दिन भूगर्भ विभाग की काउंसिलिंग होगी। ब्यूरो