फोटो-01,02,03
कैप्सन-
बारिश से भीगा शहर, 24 घंटे में 2 डिग्री लुढ़का पारा
ललितपुर। इस बार मानसून तो आया, लेकिन बारिश नहीं होने से जहां उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे, वहीं किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई थी। अब दो सप्ताह बाद एक बार फिर जनपद में हुई झमाझम बारिश से शहर भीगकर तर हो गया। इससे शहर में उमस से राहत के साथ ही देर शाम तक बारिश से तापमान में भी दो डिग्री तक की गिरावट देखी गई।
जनपद में दो सप्ताह बाद सावन के पहले सोमवार को दोपहर में बादल खूब पानी लेकर आए और झमाझम बारिश से शहर को सराबोर कर दिया। सुबह से घने बादल बने रहे और करीब साढ़े ग्यारह बजे तेज बारिश शुरु हो गई। इसके बाद दोपहर तीन बजे तक रिमझिम और तेज बारिश का सिलसिला लगातार चलता रहा। दोपहर साढ़े तीन बजे तक बारिश रुक तो गई, लेकिन शाम तक हल्की बूंदाबांदी होती रही। सुबह ऑफिस, काम पर गए लोग बिना किसी छाते या रैनकोट के ही निकले थे, लेकिन दोपहर में हुई तेज बारिश में जो भी जहां था, वहीं फंसा रहा। हालांकि कई लोगों ने जरुरी काम होने पर बारिश में भीगते ही निकलना उचित समझा। बारिश के कारण सड़कों पर जगह-जगह जल भराव की स्थिति भी बनी रही। लेकिन लोग खुश थे कि उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली और किसानों को भी यह बारिश राहत भरी रही। किसानों ने मानसून आने की खबर सुनकर जून माह के अंतिम सप्ताह में ही उड़द व मूंग की बुआई शुरु कर दी थी। मानसून तो आ गया, लेकिन जनपद में हल्की और कुछ समय की बारिश ने किसानों के चेहरों की मायूसी बढ़ा दी थी। सोमवार को बारिश होने के कारण एक ही दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को जहां बारिश से तापमान में गिरावट होने से गोविंद सागर बांध पर मौसम का लुत्फ उठाने वालों की भीड़ बढ़ गई। बारिश से एक दिन पहले रविवार को जहां शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री था, वहीं सोमवार को न्यूूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ, लेकिन अधिकतम तापमान दो डिग्री खिसक कर 30 डिग्री तक पहुंच गया। आगामी कुछ दिनों में अच्छी बारिश के आसार बताए जा रहे हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट होना बताया जा रहा है, जो 24 से 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक ही गिरावट हो सकती है।
---बॉक्स---
गलियों में बारिश से जलभराव की समस्या
ललितपुर। सोमवार को तेज बारिश से शहर के कई मुहल्लों की गलियों में जल भराव की समस्या हो गई। मुहल्ला आजादपुरा व राजपूत कालोनी में नालियां अवरुद्ध होने से बारिश का पानी गलियों में सड़क पर एक से डेढ़ फुट तक भर गया, जिससे लोगों को वाहन व पैदल निकलने में काफी परेशानी हुई। बारिश से पूर्व नालियों की सफाई नियमित नहीं होने से यह समस्या हो रही है। यदि नगरपालिका द्वारा शीघ्र ही नालियों की सफाई नहीं कराई तो ऐसी समस्या से लोगों को आए दिन परेशान होना पड़ जाएगा। यहां तक कई जगह तो खाली प्लाट पर कूड़े का ढेर भी लगा देखा गया, जिससे सड़न के कारण बदबू आ रही है।