बीस रोडवेज बसों का संचालन बंद, चल रहीं सिर्फ तीन
ललितपुर। ब्लॉक जखौरा के अंतर्गत ग्राम रोड़ा में निर्माणाधीन रोडवेज डिपो को लेकर यातायात व्यवस्थाएं सुदृढ़ होने की उम्मीद लगाई जा रही हैं लेकिन वर्तमान में जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते 20 रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। अब मात्र तीन बसों का संचालन हीं किया जा रहा है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
जनपद की यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए बीते वर्षों में तत्कालीन अखिलेश सरकार ने जिले को रोडवेज की बीस लोहिया बसों का संचालन कराया था, जो ग्रामीण क्षेत्रों से शहर व मुख्यालय से झांसी तक के लिए चलाई जा रहीं थी। इन बसों में किराये में भी 25 प्रतिशत की कमी रही।
शुरुआती दौर में बसों के संचालन से लोगों को यातायात के साधन सुगम हो गए, लेकिन धीरे-धीरे विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते बसों का संचालन बंद कर दिया गया। स्थिति यह है कि अब 20 के सापेक्ष मात्र तीन बसों का संचालन किया जा रहा है। अब अधिकांश मार्गों पर सफर कर रहे यात्रियों को जान जोखिम में डालकर डग्गामार वाहनों से यात्रा करना पड़ रही है। कई मार्गों से बसों का संचालन पूरी तरह से बंद है। वहीं, कुछ मार्गों पर एक ही बस संचालित होने से लोगों को खड़े में होकर यात्रा करना पड़ती है। अब सर्दी का सीजन शुरू हो गया है। बसों की कमी से मजबूरन ही यात्री बसों में ऊपर बैठकर जाएंगे। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी समस्याओं को लगातार अनदेखा कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को अधिक समस्या हो रही है।
---
इन बसों का हो रहा संचालन
झांसी से ललितपुर के लिए एक नॉन स्टाप, झांसी मदनपुर, और झांसी नवागढ़ आदि बस ही संचालित हो रही है।
---
यह बसें हो चुकीं बंद
गुढ़ा-झांसी, दो देवगढ़, दो बालाबेहट, दो मदनपुर नॉनस्टाप, कैलगुवां-झांसी, ललितपुर-जखौरा होते हुए झांसी, दो प्रयागराज, दो नवागढ़, दो झांसी से बार, दो पाली-झांसी आदि बसों का संचालन बंद हो गया है।
---
ललितपुर में सभी रोडवेज बसों के संचालन की तैयारी चल रही है। बसों में सामान व बजट के अभाव में मरम्मत नहीं हो पा रही है। बजट मिलने पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
प्रियम श्रीवास्तव, सहायक प्रबंधक, झांसी डिपो