मतदान का प्रतिशत बढ़ाने को आगे आए रिटायर शिक्षक, कर्मचारी
ललितपुर। कंपनी बाग में जनपद के सेवानिवृत्त शिक्षक, दिव्यांग शिक्षक और कर्मचारियों ने मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक किया। इस दौरान लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी जताने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री केदारनाथ तिवारी ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षक और कर्मचारी मतदान में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यदि वह 10-10 लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे तो मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों को शपथ भी दिलाई। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश लिटोरिया एवं अरुण गोस्वामी ने कहा कि हर व्यक्ति को मतदान में भाग लेना चाहिए। जय बुंदेलखंड कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ दिनेश बाबू ने विधि स्नातक, अधिवक्ता व युवाओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी जताने का आह्वान किया। दिव्यांग शिक्षकों की ओर से बृजमोहन तिवारी ने मतदान आईकॉन बनाए गए दिव्यांगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा। वोटर सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ओमप्रकाश बिरथरे, अवध विहारी कौशिक, महेश तिवारी, रामसिंह राजपूत, कैलाश नारायण द्विवेदी, जयशंकर प्रसाद द्विवेदी, भगवत नारायण वाजपेई, दुर्गा प्रसाद चौरसिया, कृष्ण कुमार भार्गव, संतोष रजक, विनय रजक, मोहम्मद शकील आदि ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में आशीष मिश्रा, जनार्दन शुक्ला, संजय सैनी, सुनील कौशिक, चंद्रभूषण रिछारिया, आशीष जैन, हरिराम वर्मा, दशरथ निरंजन, अनिल शर्मा, आलोक जैन आदि उपस्थित रहे। संचालन संघर्ष समिति के जनपदीय मंत्री हेमंत तिवारी व राजकीय शिक्षक संघ के कृष्ण कुमार भार्गव ने किया। प्रधानाध्यापक अनंत तिवारी ने आभार व्यक्त किया।