महिला मोर्चा ने संभाली भाजपा प्रत्याशी के चुनाव की कमान
ललितपुर। भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री कमलावती ने झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अनुराग शर्मा को जीत के दरवाजे तक पहुंचाने के लिए कमान संभाल ली है। उन्होंने जिले में डेरा डाल कर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार तेज कर दिया है। राष्ट्रीय महामंत्री की अगुवाई में शहर के गौशाला अखाड़ा, रामलीला मैदान, मुरली मनोहर मंदिर, बानपुर व जखौरा मंडल के कई क्षेत्रों में चौपाल लगाकर मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में महिलाओं के हित में अनेक योजनाएं चलाई गईं। इनमें पढ़ें बेटियां-बढ़ें बेटियां, सुकन्या समृद्धि योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आदि शामिल हैं। उनके साथ महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष किरन सेन, रामरती रैकवार, बसंती लारिया, सविता त्रिपाठी, ममता राजपूत, बेबीराजा बुंदेला, लक्ष्मी रावत, नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू, नगर अध्यक्ष संगीता नामदेव, बानपुर मंडल अध्यक्ष जानकी नामदेव, महरौनी मंडल अध्यक्ष वंदना बुन्देला, लक्ष्मी राजपूत, चित्रा सिंह, पार्षद शिवानी पाठक, मीडिया प्रभारी कशिश नामदेव आदि उपस्थित रहीं।