ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की पहल पर महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में ललितपुर के 19 बंधुआ मजदूरों को पुलिस ने अवमुक्त करा लिया है। श्रम विभाग की सूचना पर जिलाधिकारी ने धाराशिव जिले के कलक्टर को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा था।
विकासखंड मड़ावरा के ग्राम पिसनारी और सकरा के लोगों ने शिकायत की थी कि उनके परिजन को ठेकेदार ने महाराष्ट्र के जिला उस्मानाबाद (धाराशिव) की तहसील वाशी अंतर्गत ग्राम कोठावाले पिंपल में बंधक बनाया है। 19 मजदूरों में 11 पुरुष, आठ महिलाएं व बच्चे शामिल हैं। जिलाधिकारी ने उस्मानाबाद के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मजदूरों को अवमुक्त कराने के लिए कहा। साथ ही यहां से श्रम विभाग की टीम को वहां के लिए रवाना किया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी डीपी अग्रहरि ने बताया कि वहां मजदूरों को दिहाड़ी कम देते हुए उन्हें बंधक बनाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
श्रम विभाग की टीम ने वहां के जिला व पुलिस प्रशासन की मदद से उन्हें अवमुक्त कराया। सुबह वह जनपद मुख्यालय पहुंच जाएंगे। श्रम विभाग की टीम वहां से मजदूरों को लेकर रवाना हो गई है। प्रशासन की तरफ से यह सूचना मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने अब जाकर राहत की सांस ली है।