संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आरटीई के तहत प्रथम व दूसरे चरण में चयनित छात्रों के निजी विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। अभिभावकों ने निजी विद्यालय संचालकों द्वारा अतिरिक्त शुल्क मांगने की शिकायतें की थी। बीएसए ने निजी विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाध्यापकों को चेतावनी पत्र जारी किया है।
निशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत निजी विद्यालयों में 25 फीसदी सीटों पर गरीब परिवारों के बच्चों को प्रवेश दिलाया जाता है। सरकार इन निजी विद्यालयों को प्रतिपूर्ति के रूप में हर माह निर्धारित रुपये देती है। बेसिक शिक्षा विभाग गरीब परिवारों के बच्चों को इन निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाती है। इस बार नवीन शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए दिसंबर से प्रक्रिया शुरू हुई। प्रथम व दूसरे चरण में 873 बच्चों को निजी विद्यालय लॉटरी के जरिये आवंटित किए जा चुके हैं।
वर्तमान में तीसरे चरण में आवेदन करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रथम व दूसरे चरण में लॉटरी से चयनित किए गए छात्रों को निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा रहा है। कुछेक विद्यालयों से प्रवेश के नाम छात्रों के अभिभावकों से शुल्क मांगे जाने की शिकायतें बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह के पास पहुंच रही हैं। निजी विद्यालय सेवा शुल्क, रखरखाव के लिए शुल्क, रजिस्ट्रेशन फीस, एडमिशन फीस, कंप्यूटर लैब चार्ज, पुस्तकालय शुल्क, टीएलएम खरीद शुल्क के रूप में धनराशि की मांग कर रहे हैं।
अब जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर कहा है कि आरटीई के तहत चयनित किए गए छात्र के अभिभावक से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क की मांग करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।