वॉल पेंटिंग पर विवाद बनते देख ईओ ने झाड़ा पल्ला
ललितपुर। नगर के सरकारी कार्यालयों की चहारदीवारी पर कराई जा रही वॉल पेंटिंग में अध्यक्ष के नाम को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किसी विज्ञापन में अध्यक्ष के पति का नाम साथ में लिखा गया है तो कहीं अकेले ही अध्यक्ष का नाम लिखा है। इस पर विवाद बनते देख ईओ ने वॉल पेंटिंग से पल्ला झाड़ लिया है। उनका कहना है कि पालिका ऐसी कोई वॉल पेंटिंग नहीं करा रही हैं।
शहर की साफ-सफाई की हकीकत जानने के लिए स्वच्छ सर्वेक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसके प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इनमें से एक वॉल पेंटिंग भी है। इन दिनों सरकारी कार्यालय, आवासों की चहारदीवारी पर स्वच्छ सर्वेक्षण की वॉल पेंटिंग की जा रही है। इसमें इधर-उधर पीक ना उछालें, कूड़ा कूड़ेदान में डालें, कूड़ा डालें सिर्फ कूड़ादान में, इस बात का रखे ध्यान जैसे प्रेरक संदेश लिखे जा रहे हैं, जिनके नीचे कहीं वॉल पेंटिंग में नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू लिखा है तो किसी वॉल पेंटिंग में रजनी घनश्याम साहू लिखा है। जिससे अध्यक्ष के सही नाम को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई है। इस पर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा ने ईओ मधुसूदन जायसवाल से मुलाकात कर सख्त ऐतराज जताया। उनका कहना है कि वॉल पेंटिंग में नगर पालिका अध्यक्ष का वही नाम लिखा जाए, जिस नाम से वह निर्वाचित हुई हैं। इस पर ईओ मधुसूदन जायसवाल ने पूरे मामले से किनारा कर लिया है। उनका कहना है कि नगर पालिका परिषद ने वॉल पेंटिंग कराने का कोई टेंडर नहीं निकाला है, ऐसे में जो भी वॉल पेंटिंग की जा रही है उससे पालिका को कोई लेना देना नहीं है। इस मामले में ईओ के हाथ खींचने से वॉल पेंटिंग के भुगतान पर संकट खड़ा हो गया है।
वॉल पेंटिंग कराने से किया इंकार
नगर पालिका की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण की वॉल पेंटिंग का टेंडर नहीं हुआ है। यदि कहीं वॉल पेंटिंग कराई जा रही है तो उससे पालिका का कोई सरोकार नहीं है।
मधुसूदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद