पांच किमी दूर से ग्रामीणों को लाना पड़ता राशन
समस्या का नहीं हो रहा समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
मदनपुर (ललितपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय मनमानी के चलतेे राशन वितरण की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि ग्राम पंचायत दिदौनिया के ग्राम अमौदा के कार्ड धारकों को नीमखेड़ा पहुंचना पड़ता है, जहां की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है। विकासखंड मड़ावरा की ग्राम पंचायत दिदौनियां में कुल आबादी के सापेक्ष 406 पात्र गृहस्थी एवं 111 अन्त्योदय राशन कार्ड धारक हैं। वहीं, पड़ोसी गांव नीमखेड़ा में 389 पात्र गृहस्थी और 80 अन्त्योदय राशनकार्ड धारक हैं। विभागीय अफसरों ने कोटेदारों को लाभान्वित करने के लिए कार्डधारकों को यहां-वहां जोड़ दिया है। इससे कार्डधारकों की परेशानी बढ़ गई हैं। अमौदा गांव के लोगों को तो राशन के लिए पांच किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे विभागीय मंशा पर पानी फिरता दिख रहा है।
.....
दूसरे गांव से लाते हैं राशन
गांव में कोटे की दुकान है लेकिन कार्डधारकों को दूसरे गांव में राशन लेने के लिए जाना पड़ता है। इससे समय की बर्वादी होती है। यही नहीं, कई बार तो जब दूसरे गांव पहुंचते हैं तो पता चलता है कि कोटेदार ने दुकान बंद कर दी। ऐसे में बैरंग लौटना पड़ता है।
गब्बर सिंह, ग्राम दिदोनियां
.......
कोई नहीं सुनने वाला
राशन लेने के लिए एक दिन अलग से तय करना पड़ता है। यदि किन्हीं कारण से उस दिन राशन नहीं मिले तो अगला दिन भी खराब हो जाता है। ग्रामीणों की इस समस्या पर प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।
अनिल कुमार, मजरा- अमोदा ( दिदोनियां)
ग्रामीणों ने की है शिकायत
गांव के कई कार्डधारको को दूसरे गांव की दुकान से जोड़ दिया गया है। जिससे लोगों को राशन लेने में परेशानी हो रही है। इसकी शिकायत लोगों ने हमसे की है। अब इस मामले को अफसरों के समक्ष रखा जाएगा।
इमरत लाल, ग्राम प्रधान, दिदौनिया