दो ने छोड़ा साक्षात्कार, उत्तर पुस्तिकाओं को जांचा जाना बाकी
ललितपुर। शनिवार को जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान केंद्र में सह-समन्वयक आवेदकों का साक्षात्कार लिया गया। इस दौरान लिखित परीक्षा देने वालों में से दो परीक्षार्थी साक्षात्कार देने के लिए नहीं पहुंचे। साक्षात्कार और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद ही परिणाम घोषित होगा, जिसकी तिथि अभी निर्धारित नहीं है।
सह-समन्वयक परीक्षार्थियों का साक्षात्कार सह-समन्वयक चयन समिति के अध्यक्ष डायट प्राचार्य जगदीश प्रसाद राजपूत व सचिव जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुुमार के तत्वाधान में सुबह 10 बजे से शुरू किया गया। एक-एक करके सभी परीक्षार्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें समस्त परीक्षार्थियों से उनके विषय से संबंधित 7-8 सवाल पूछे गए। साक्षात्कार में लाभार्थी को कुल मूल्यांकन 10 में से अंक दिए जाने हैं। गौरतलब है कि विगत रोज शुक्रवार को 40 अंक की लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें कुल आवेदकों 100 के सापेक्ष 81 ने परीक्षा दी थी। हिंदी के 7 परीक्षार्थियों, अंग्रेजी के चार, गणित के 24, विज्ञान के 30 और सामाजिक विज्ञान विषय के 16 परीक्षार्थियों ने लिखित परीक्षा दी थी, जबकि साक्षात्कार देने इनमें से हिंदी व सामाजिक विज्ञान का एक-एक परीक्षार्थी नहीं पहुंचा। कुल 70 परीक्षार्थियों ने साक्षात्कार दिया।