रामधुन व शक्ति प्रोजेक्ट से लोगों को जागरुक करेगी कांग्रेस
ललितपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस पार्टी सदस्यों की संख्या बढ़ाने के लिए रामधुन और शक्ति प्रोजेक्ट का इस्तेमाल करेगी। रामधुन व शक्ति प्रोजेक्ट के लिए जिले में कांग्रेस पार्टी ने मुहम्मद जलील उर्फ जल्लू चच्चा को इसका प्रभारी नियुक्त किया गया है। सदस्यता ग्रहण कराने के लिए कांग्रेस ने ब्लॉक बार प्रभारी भी घोषित किए हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी की एक बैठक सोमवार को कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 25 सितंबर से जिले में कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक पर सदस्यता के लिए कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इसमें जिले के सभी ब्लॉक में रामधुन और शक्ति प्रोजेक्ट के माध्यम से लोगों को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के लिए जागरूक किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में लोगों को उनके वोटर आई के माध्यम से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी और सदस्यता ग्रहण करने के लिए प्रक्रिया को भी समझाया जाएगा। 25 सितंबर को शाम चार बजे यह रामधुन व शक्ति प्रोजेक्ट की शुरुआत की जाएगी, जिसके लिए जलील उर्फ जल्लू चच्चा को प्रभारी बनाया गया है। 26 सितंबर को ब्लॉक तालबेहट में प्रभारी बिट्टू राजा, 27 सितंबर को ब्लॉक जखौरा में प्रभारी रामस्वरूप देवलिया, 28 सितंबर को ब्लॉक बिरधा में प्रभारी धनीराम अहिरवार, 29 सितंबर को ब्लॉक बार में प्रभारी अनिल जैन सीमा, 30 सितंबर को ब्लॉक मड़ावरा में प्रभारी सुनील खजुरिया व एक अक्टूबर को ब्लॉक महरौनी में प्रभारी के रूप में बहादुर अहिरवार के नेतृत्व में अभियान चलाया जाएगा। वहीं दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती जिला कांग्रेस कार्यालय सावरकर चौक पर सुबह आठ बजे झंडारोहण के साथ मनाई जाएगी और घंटाघर पर उसी दिन महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कुशवाहा, मु.आसिफ, रामनरेश दुबे, धरीराम अहिरवार, सुनील पटैरिया, सूर्यप्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह बुुंदेला, अंकित यादव, मोंटी शुक्ला उपस्थित रहे।