ललितपुर। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच को लिए 1,582 सैंपल लिए। इनकी जांच रिपोर्ट में 16 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
कोरोना संक्रमण को लेकर जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसका असर नजर नहीं आ रहा है। लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना संक्रमण के विभिन्न सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटरों से 1,582 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इसमें 583 सैंपल आरटीपीसीआर किट, छह सैंपल ट्रू- नॉट किट व 993 व्यक्तियों के सैंपल एंटीजन किट से लिए गए। इनमें आरटीपीसीआर सैंपल की आई रिपोर्ट में दो, ट्रू-नॉट से दो और एंटीजन जांच में 12 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए।
संक्रमितो में शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी छह व्यक्ति, आजादपुरा में दो, एब्रोसिया कॉलोनी निवासी दो व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम सैदपुर, तहसील मड़ावरा के ग्राम सौरईं, सीरोंन, ब्लॉक जखौरा के ग्राम चीरा अमरपुर, तालबेहट व ग्राम वांसा निवासी एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। संक्रमितों में एक को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी और एक को एल-2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में भर्ती कराया गया है। 14 संक्रमित होम आइसोलेट किए गए हैं।
1,223 सैंपल की नहीं आई रिपोर्ट
जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,079 पहुंच गई है। इनमें 2,937 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। 45 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 96 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। चार दिनों के आरटीपीसीआर जांच को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। 1,223 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
बृहस्पतिवार को विभिन्न सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटर से लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट में 16 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
- डा. जेएस वख्शी
प्रभारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी
------
तीन संक्रमित क्षेत्र बने माइक्रो कंटेनमेंट जोन
ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरू नगर, रामनगर पं दीनदयाल वृद्ध आश्रम और सिविल लाइन के जेल कॉलोनी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। संक्रमित क्षेत्र में बिना जांच के किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने व बाहर आने की अनुमति नही हैं।