पुलिस को देखकर भागे शराबी
पाली। रविवार को शाम को शराब ठेके की दुकान के पास शराब पीने वालों की भीड़ जमा थी, लेकिन इसी दौरान पुलिस गश्त पर निकली तो शराबी भाग गए, जिसको जहां से जगह मिली वहां खिसक गए।
रविवार को रुटीन चेकिंग व पेट्रोलिग के दौरान सीओ नाराहट (पाली) देवेंद्र सिंह अपने दल- बल के साथ सड़क पर निकले। सबसे पहले जाखलौन मार्ग पर संचालित देसी शराब की दुकान की ओर गए। पुलिस बल को अपने बीच देख लोगों का नशा एकदम से काफूर हो गया और उन्होंने वहां से खिसकने में ही भलाई समझी। पास में खाली पड़े मैदान में शराबियों को चखना और गिलास मुहैया कराने वाले दुकानदारों को भी वहां से चलता किया। इसके बाद पुलिस कस्बे के मुख्य मार्ग, संकरी गलियों से होती हुई निकली। रविवार को हाट बाजार था, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग खरीदारी करने आए थे। भारी पुलिस बल को देखा तो वह भी सकते में आ गए, लेकिन जब मालूम चला कि आमजन में सुरक्षा का अहसास दिलाने पुलिस लोगों के बीच आई है, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस की पैदल गश्त को धन्यवाद दिया। पुलिस ने इस दौरान लोगों से बातचीत की और बिना नंबर, स्टाइलिश नंबर वाले वाहनों को चेक किया। गश्त के दौरान पाली एसएचओ प्रभारी रामसेवक, उपनिरीक्षक मूलचंद्र यादव सहित पाली पुलिस दलबल सहित मौजूद रहे।