दैलवारा नवोदय के छह बच्चों ने किया टॉप
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में नवोदय विद्यालय के छह बच्चों ने टॉप किया है। जनपद में बोर्ड से मान्यता प्राप्त मात्र तीन विद्यालय संचालित हैं, इनमें से ग्राम दैलवारा में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय के छह बच्चों ने शत-प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय के साथ जिला भी टॉप किया है।
जनपद में सीबीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त तीन विद्यालय संचालित हैं, इनमें से दो केंद्रीय विद्यालय की इकाई हैं एक इकाई जिला मुख्यालय पर संचालित होती है और एक इकाई तालबेहट में है। इसके अलावा ग्राम दैलवारा में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय भी सीबीएसई बोर्ड से संचालित है। शनिवार को सीबीएसई बोर्ड ने 10वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। बीते वर्ष से 10वीं का मूल्यांकन ग्रेड सिस्टम से किया जाने लगा है। ग्राम दैलवारा में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय के छह बच्चे ऐसे हैं, जिन्होंने 10 सीजीपीए में 10 सीजीपीए प्राप्त किए हैं। इसके अलावा इस विद्यालय का रिजल्ट 100 प्रतिशत आया है। इस वर्ष विद्यालय के कुल 79 बच्चों ने परीक्षा दी थी, जिसमें सभी पास हुए हैं। विद्यालय में पढ़ने वाली आकांक्षा वर्मा, अंशिका त्रिपाठी, शिवांगी साहू, अशुतोष तिवारी, दीपक राय व राजीव चौरसिया ने शत-प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय के साथ-साथ जिला भी टॉप किया है।