फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: शहर की 14 सड़कें नहीं हो सकीं गड्ढामुक्त

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

ललितपुर। पीडब्ल्यूडी ने भले ही सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया हो, लेकिन सिंचाई विभाग व नगर पालिका की कई सड़कें अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी हैं। शहर की करीब 14 सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने पर इनमें सीमेंट व डस्ट डलवा दी गई, लेकिन कुछ ही दिनों में स्थिति जस की तस हो गई। कुछ सड़कों से डामर और गिट्टी तक गायब होने लगी है। राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि शासन ने 31 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का आदेश दिया था। पेश है प्रमुख सड़कों का आंखों देखा हाल...।


दृश्य एक
करीम नगर से तुवन टीला तक की सड़क सिंचाई विभाग ने करीब दो साल पहले बनाई थी, लेकिन दो माह बाद ही सड़क उखड़ने लगी और विभागीय अफसरों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उसी का नतीजा है कि पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। अब इस सड़क से दो पहिया वाहन तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। विभाग ने शासन के निर्देश पर गड्ढा मुक्त कराना भी उचित नहीं समझा।
विज्ञापन


-
दृश्य-दो
नहर किनारे पिसनारी से एआरटीओ कार्यालय होकर गल्ला मंडी जाने वाली सिंचाई विभाग की करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क दो साल पहले बनाई गई थी। दो माह बाद ही इस पर गड्ढे होने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने पर विभाग ने ठेकेदार से गड्ढों को भरवा दिया था, लेकिन अब पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों का निकलना मुश्किल हो रहा है।


दृश्य तीन
नगर पालिका की पिसनारी से घुसयाना मार्ग, सदन शाह से वर्णी चौराहा, वर्णी चौराहा से डैम रोड, करीम नगर से लेडियापुरा, तालाबपुरा, जेल तिराहा मार्ग सहित करीब एक दर्जन सड़कें ऐसी हैं, जो गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। घुसयाना से पिसनारी तिराहा सड़क पर दोपहिया तो गड्ढों से होकर किसी तरह निकल रहे हैं, लेकिन चार पहिया वाहन हिचकोले खा रहे हैं। पालिका प्रशासन ने इनमें से कुछ सड़कों पर डस्ट डलवाकर गड्ढामुक्त किया, लेकिन बारिश में फिर स्थिति जस की तस हो गई। अब इन सड़कों से आवागमन करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-खोदी गई सड़क की नहीं हुई मरम्मत
करीब ढाई माह पहले शहर के मुख्य मार्ग तुवन चौराहा से जेल चौराहा तक की सड़क को खोदकर पाइपलाइन डाली गई थी, लेकिन इसकी मरम्मत आज तक नहीं की गई। सड़क पर गुजरने वाले वाहन धूल उड़ा रहे हैं। कई बार तो गिट्टी उछलकर राहगीरों को लग जाती है। लेकिन, सड़क की मरम्मत जल निगम नहीं कर रहा है और आम आदमी परेशान है।

बोले जिम्मेदार
नगर पालिका क्षेत्र की जिन सड़कों पर पाइपलाइन नहीं डाली गई, उन्हें बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें अभियान चलाकर भरवाया जा रहा है। -दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद ललितपुर।
विज्ञापन

00000000
शहर क्षेत्र की दो सड़कों को बनाने के लिए शासन से बजट मांगा जाएगा। पैसा जारी होने के बाद इन सड़कों को बनवाया जाएगा।-शैलेष कुमार, अधिशासी अभियंता, राजघाट निर्माण खंड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें