पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में शुक्रवार को शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण के लिए 136 लोगों ने आवेदन किया था। शनिवार केे सभी आवेदकों को चांदमारी स्थित ग्राउंड पर परीक्षण के लिए बुलाया गया। क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइंस/नाराहट हरीकांत द्विवेदी की मौजूदगी में सुबह 8 बजे से बारी-बारी से लाइसेंस चलाने का परीक्षण कराया गया। 136 के सापेक्ष कुल 126 शस्त्र लाइसेंस धारक उपस्थित हुए, इसके बाद सभी लाइसेंसधारकों को फायरिंग, पोजीशनिंग, हैंडलिंग आदि की जानकारी दी गई। इसके बाद नियमानुसार दूरी निर्धारित की गई, किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए, इसको देखते हुए पुलिस अधिकारी शस्त्र लाइसेंसधारक के पीछे खड़े रहे। चार-चार लोगों को ग्रुप बनाकर निर्धारित स्थान पर निशाना लगवाया गया। फायरिंग में पास होने वाले लोगों को नाम के बुलाकर रजिस्टर तैयार किया गया। शनिवार को हुई फायरिंग में कुल 126 के सापेक्ष 112 लोग सफल हुए तथा 14 लाइसेंसधारक निशाना लगाने में असफल रहे। इन लोगों को अगले चरण में फिर से मौका दिया जाएगा।
गर्मी को देखते हुए पुलिस की ओर से पेयजल की व्यवस्था की गई। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक शिवराम सिंह यादव, प्रभारी यातायात नीरज दीक्षित, सूबेदार शिवबरन सिंह, हेड आरमोर्र छक्कीलाल, आरमोरर पवन सिंह सहित शस्त्र लाइसेंस धारक उपस्थित रहे।