बाल गृह और संप्रेक्षण गृह का किया निरीक्षण
- अपर जिलाधिकारी ने देखी खाने व रहने की स्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। सोमवार को अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने नेहरू नगर स्थित बालकों के राजकीय संप्रेक्षण गृह एवं दैलवारा स्थित राजकीय बाल गृह का निरीक्षण किया।
इस दौरान एडीएम ने कर्मचारियों की उपस्थिति सुरक्षा व्यवस्था, किशोरों की स्थिति, किशोरों का स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों को प्रदान की गई सेवाओं का निरीक्षण, संस्था में शौचालयों/स्नानगृहों की साफ-सफाई की जानकारी ली। साथ ही संस्था में उपलब्ध कमरों की निरीक्षण, रसोई/भोजन की व्यवस्था, विद्युत/प्रकाश व्यवस्था, शिक्षण/प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण, अभिलेखों व पत्रावलियों को देखकर, सीसी टीवी, बायोमैट्रिक आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को बच्चों को साफ एवं स्वच्छ कपड़े, स्वच्छ पानी, अच्छा भोजन व उत्तम शिक्षा देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चों को जो भी सामग्री दी जा रही है उसकी गुणवत्ता सर्वोच्च होनी चाहिए, उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संस्था की स्वच्छता एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही।