सपा के निशाने पर केंद्र व राज्य सरकारें
समाजवादी साइकिल संदेश यात्रा जखौरा में पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। महात्मा गांधी की जयंती पर झांसी से शुरू हुई समाजवादी साइकिल संदेश यात्रा बुधवार को यात्रा ग्राम जखौरा पहुंची। यहां पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने साईकिल संदेश यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया गया।
समाजवादी साइकिल संदेश यात्रा के सबसे आगे डा. चंद्रपाल सिंह यादव साईकिल चलाते हुए आगे बढ़ रहे थे और उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चल रहे थे। साईकिल यात्रा कस्बा तालबेहट के मुख्य बाजार से होकर निकली। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने साइकिल संदेश यात्रा की अगुवाई कर रहे राज्यसभा सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव का फूल मालाओं से स्वागत किया। तहसील परिसर के सामने सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार किसान, आम आदमी, नौजवानों की विरोधी है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल है। किसानों को हक देने की जगह उन पर लाठियां बरसायी जा रही है। बुन्देलखण्ड के झांसी, ललितपुर में बरसात से किसानों की फसलें नष्ट हो गईं हैं। जिसका मुआवजा देना तो दूर ठीक से सर्वे भी नहीं कराया जा रहा है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। लखनऊ में एक कंपनी के एरिया मैनेजर को गोली मार दी गयी। डीजल, पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने झूठे वादे व धार्मिक भावनाएं भड़काकर भाजपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। आज 4 वर्ष होने के बाद भी सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। वह कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगें। साईकिल यात्रा तालबेहट से होती हुई तरगुंवा, बोलाई, बादीवर, गुलेंदा, मनपुरा, जखौरा पहुंची। जखौरा के छोटे बाजार में भी जनसभा हुई। यात्रा में एमएलसी रमा निरंजन, जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी, फूलसिंह यादव नन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता यादव, ब्लाक प्रमुख कैलाश यादव, चंद्रप्रकाश मिश्रा, राजेश यादव, रमेश खटीक, महेन्द्रपाल सिंह, यादवेन्द्र सिंह, रामजीवन यादव, गौरीशंकर सोनी, रामविलास रजक, शिशुपाल सिंह यादव आदि शामिल रहे।