बिजली विभाग ने जारी की 105 उपभोक्ताओं की आरसी
एक लाख रुपये से अधिक की बकाएदारी वसूलने को हुई कार्रवाई
दस हजार से अधिक के बकाएदारों से वसूली को भी बनाई रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बिजली वसूली के मामले में राजस्व जमा नहीं करने वाले 105 विद्युत बकाएदारों के खिलाफ बिजली विभाग ने आरसी जारी कर दी है। जबकि अन्य बड़े बकाएदारों से वसूली के लिए विभाग द्वारा सूची तैयार की जा रही है, जिनकी विभाग द्वारा शीघ्र ही आरसी जारी कर तहसील के माध्यम से विद्युत बकाएदारी वसूली जाएगी। इन सभी उपभोक्ताओं पर 50 हजार रुपये से अधिक का विद्युत बकाया है। विभाग द्वारा इसके बाद दस हजार से अधिक के बकाएदार उपभोक्ताओं को भी चिह्नित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक राजस्व की वसूली की जा सके।
बिजली विभाग द्वारा घरेलू, कॉमर्शियल या अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं पर करीब 38 करोड़ से अधिक की विद्युत बकाएदारी चल रही है, जिसे वसूलना बिजली विभाग के अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। शहर में चलाए गए विद्युुत अभियान के दौरान पिछले दिनों कई बिजली चोरी के मामले पकड़े थे, जिन पर लाखों रुपये का शमन शुल्क के साथ राजस्व निर्धारण भी लगाया था। लेकिन दर्जनों लोगों द्वारा विभाग के कई बार नोटिस देने के बाद भी राजस्व जुर्माना जमा नहीं किया गया था। जिस पर विद्युत विभाग द्वारा तहसील के माध्यम से राजस्व वसूली के लिए 44 बिजली चोरों के खिलाफ आरसी जारी कर दी थी। उक्त बिजली चोरों पर करीब आठ लाख 34 हजार रुपए का राजस्व बकाया था। अब विभाग द्वारा पचास हजार से एक लाख रुपये और इससे अधिक के विद्युत बकाएदारों के खिलाफ राजस्व वसूली के लिए 105 विद्युत बकाएदार उपभोक्ताओं की सूची तैयार की गई है, जिन पर करीब 26.50 लाख रुपये की विद्युत बकाएदारी बताई गई है। जिस पर विभाग द्वारा इन सभी बकाएदार उपभोक्ताओं के खिलाफ बृहस्पतिवार को आरसी जारी कर दी गई है। विभाग द्वारा आला अधिकारियों के निर्देश पर विद्युत राजस्व वसूली की रणनीति बनाते हुए बड़े विद्युत बकाएदारों की सूची तैयार की जा रही है। हालांकि विभाग द्वारा विगत माह करीब तीन करोड़ 80 लाख रुपये का विद्युुत राजस्व भी वसूल किया है। विभाग द्वारा बकाएदारी नहीं चुकाने वाले बड़े उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा रही है।
बिजली विभाग द्वारा विद्युत बकाएदारी के मामले में 105 बकाएदारों के खिलाफ राजस्व वसूली के लिए आरसी जारी कर दी गई है और 50 लाख रुपये के अन्य विद्युत बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी करने के लिए सूची तैयार की जा रही है। इसमें दस हजार से एक लाख रुपये और इससे अधिक के विद्युुत बकाएदारों को भी शामिल किया जाएगा।
शैलेंद्र कटियार, अधिशासी अभियंता, विद्युत खंड प्रथम।