तालबेहट। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को बैंकों में चेकिंग अभियान चलाया। इसके बाद राजमार्ग पर तेरई फाटक के समीप वाहन चेकिंग कर 104 वाहनों का चालान काटा और आठ हजार रुपये शमन शुल्क वसूल किया।
सोमवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस ने सबसे पहले नगर के समस्त बैंकों में जाकर वहां मौजूद लोगों से उनके आने के संबंध में जानकारी ली और प्रपत्रों को देखा। इसके बाद शाखा प्रबंधकों से सीसीटीवी कैमरे, उनकी क्रियाशीलता, सायरन, सुरक्षा गार्ड, पुलिस से उनकी अपेक्षाएं आदि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस दल ने झांसी राजमार्ग पर तेरई फाटक पर वाहन चेकिंग अभियान चला कर बिना हेलमेट पहन कर वाहन चलाने वालों, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने वाले चालकों की खबर ली और भविष्य में यातायात के नियमों का पालन करने की हिदायत दी। पुलिस ने साठ हजार रुपये शमन शुल्क वसूला और 104 वाहनों का चालान किया। चेकिंग के दौरान राजमार्ग पर कुछ समय के लिए दो पहिया वाहनों का निकलना बंद हो गया। रात में पुलिस ने नगर के प्रमुख मार्गों पर पैदल गस्त किया। अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक बचनेश सिंह गौर, रामचरन वर्मा, तेरई फाटक पुलिस चौकी प्रभारी एसएन मिश्रा सहित समस्त उपनिरीक्षक और पुलिस बल मौजूद रहा।