तालबेहट/ ललितपुर। थाना पूराकलां पुलिस व एसओजी की टीम ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दस चोरी की बाइकें बरामद की हैं। वहीं, एक आरोपी फरार हो गया। वहीं, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
थाना पूराकलां क्षेत्र में बाइकों की चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी व एएसपी अनिल कुमार ने थानाध्यक्ष पूराकलां व एसओजी टीम को लगाया था। जिसके चलते रविवार को सुबह साढ़े दस बजे चेकिंग के दौरान टीमों ने ग्राम पूराबिरधा के करोई तिराहा के पास से एक आरोपी मोहल्ला ढुरा बाजार निवासी प्रताप रजक उर्फ रोली पुत्र कल्लू रजक को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से चोरी की एक बाइक व तलाशी लेने पर उसके पास से 340 रुपये बरामद हुए। वहीं, दूसरा आरोपी चोरी की बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइकें भी बरामद की गईं, जो सुकवां-ढुकवां के जंगल से बरामद हुईं। पूराकलां पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया और गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। प्रताप से पूछताछ के दौरान उसने फरार आरोपी का नाम कोतवाली क्षेत्र के ही मोहल्ला मवेशी बाजार रानू मेंबर की गली निवासी धर्मेंद्र उर्फ तेरेनाम, उर्फ राधे यादव पुत्र जगत सिंह यादव बताया। उक्त मामले में थाना पूराकलां पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पूराकलां ओमबाबू तिवारी, एसओजी प्रभारी राजकुमार यादव, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, हैड कांस्टेबल प्रकाश चंद्र, दिलीप कुमार, नियाज अहमद, गोविंद कुमार, विकास शामिल रहे।