लखीमपुर खीरी। आर्यकन्या डिग्री कॉलेज की छात्रा स्नेहा अवस्थी बैडमिंटन में अपना कैरियर बनाना चाहती हैं। इसके लिए निरंतर प्रैक्टिस जारी है। हालांकि स्नेहा कॉलेज स्तर की डबल एवं सिंगल सहित मंडल पर हुई सिंगल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान लाकर जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं। मगर, कामयाबी का आसमां छूने के लिए आज भी निरंतर प्रैक्टिस जारी है। ।
शारदानगर निवासी स्नेहा अवस्थी की मां विभा अवस्थी स्वास्थ्य विभाग में सुपरवाइजर हैं। भाई बहनों से सबसे छोटी स्नेहा को बचपन से ही बैडमिंटन खेलने का शौक रहा। जो पढ़ाई के दौरान भी जारी रहा। स्नेहा का कहना है कि कॉलेज में होने वाली शतरंज, कैरम प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती हैं। मगर पसंदीदा खेल बैडमिंटन है। इसमें वह लालपुर स्टेडियम की ओर से लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 2018 में मंडल स्तरीय सिंगल में द्वितीय विजेता रहीं। पिछले साल कुंवर खुशवक्त राय बालिका इंटर कॉलेज मे हुई कॉलेज स्तरीय डबल प्रतियोगिता में द्वितीय और सिंगल में प्रथम विजेता रहीं। स्नेहा कहना है कि बैडमिंटन में मंजिल पाने के लिए अभी और मेहनत करनी हैं, जिसके लिए रोजाना प्रैक्टिस जारी है।