हाईवे पर जुटे परिजन व ग्रामीण।स्रोत ग्रामीण
खमरिया। शारदा नदी पर बने ऐरा पुल पर शनिवार सुबह हरदासपुर निवासी अखिलेश कुमार (25) की साइकिल और चप्पल मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों के मुताबिक, अखिलेश शनिवार तड़के करीब तीन बजे से लापता है। उन्होंने प्रेम प्रसंग के विवाद में युवती के परिजनों पर उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
अखिलेश के पिता श्यामलाल के मुताबिक, उनके बेटे का करीब दो वर्षों से एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों का अलगाव हो गया था। आरोप है कि इसके बाद युवती के पिता ने फोन पर अखिलेश को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का दावा है कि धमकी से संबंधित ऑडियो क्लिप अखिलेश के मोबाइल फोन में मौजूद है। तहरीर में युवती के पिता, भाई और चाचा पर हत्या की आशंका जताई गई है।
शनिवार सुबह ऐरा पुल पर साइकिल और चप्पल के साथ मोबाइल नंबर लिखी एक पर्ची भी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। नदी में युवक के होने की आशंका पर परिजनों ने गोताखोर और एनडीआरएफ टीम बुलाने की मांग की।
-
गोताखोर न बुलाए जाने पर हाईवे किया जाम
करीब 10 घंटे बाद भी युवक की तलाश के लिए गोताखोर नहीं पहुंचे तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने महरिया गांव के पास पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर जाम लगा दिया। खमरिया पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। करीब 40 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
परिजनों के मुताबिक, एसडीएम धौरहरा और स्थानीय पुलिस ने एनडीआरएफ टीम बुलाने का आश्वासन दिया।
-
एनडीआरएफ टीम बुलाई गई है। परिजन सड़क पर बैठ गए थे। उन्हें समझा-बुझाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। युवक की तलाश के लिए टीम को बुलाया गया है।
-शमशेर बहादुर सिंह, सीओ धौरहरा