ओयल। चौकी क्षेत्र में बेहजम तिराहे के पास रविवार की रात अनुबंधित बस की चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
थाना खीरी क्षेत्र के गांव सनह निवासी राजाराम का 35 वर्षीय पुत्र बब्लू रविवार की रात बेहजम तिराहा स्थित शराब ठेके के पास फोरलेन पारकर डिवाइडर के पास पहुंचा था कि सीतापुर की ओर से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस डिवाइडर पारकर सड़क की दूसरी ओर निकल गई। बाद में चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और न ही दूसरी साइड से कोई अन्य वाहन आ रहा था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास के लोगों से हादसे की सूचना मिलते ही चौकी पर तैनात दारोगा नदीम अहमद खां कांस्टेबल प्रमेश कुमार को साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने युवक को सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुॅचाया। हालत में सुधार न होता देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। रात को ही परिजन उसे सीतापुर के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई।