भंडारे का प्रसाद लेकर साइकिल से घर जा रहा था छंगा
किशनपुर सेंक्च्युरी रेंज की मड़हा बीट स्थित प्रसिद्ध सिद्धि स्थान मड़हा बाबा में आयोजित भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर साइकिल से घर वापस आ रहे छंगा नामक युवक पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बाघ छंगा को खींचकर जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था कि इस दौरान साथी के शोर मचाने पर वह उसे छोड़कर जंगल में चला गया। घायल छंगा का सीएचसी बांकेगंज में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने छंगा की हालत खतरे से बाहर बताई है।
घटना बुधवार शाम लगभग चार बजे की है। ब्लाक बांकेगंज की ग्राम पंचायत डाटपुर ग्रंट के मजरा उजागरपुर निवासी 25 वर्षीय युवक छंगा ने बताया कि वह और उसका दोस्त राजीव दो साइकिलों से मड़हा बाबा में आयोजित भंडारे में शामिल होने गए थे। दोनों दोस्त भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के बाद शाम लगभग तीन बजे मड़हा बाबा से घर वापसी के लिए रवाना हुए। इस दौरान खरेहटा जंगल स्थित जिंदबाबा स्थान मोड़ के पास पहुंचते ही वहां छिपे बैठे बाघ ने उस पर अचानक हमला कर दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता तक तक बाघ उसको जंगल की ओर खींचकर ले जाने लगा। इसी दौरान साथी राजीव ने शोर शराबा शुरू कर दिया। तब बाघ उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। छंगा के बाएं कंधे, सीने, पेट और पीठ पर पंजों के गहरे निशान हैं। घायल छंगा को इलाज के लिए सीएचसी बांकेगंज लाया गया है। मैलानी रेंज की महुरैना बीट के फारेस्टर ब्रजेश कुमार और गार्ड सुखपाल सिंह ने भी सूचना पर सीएचसी पहुंचकर घायल छंगा से घटना की जानकारी ली।
उधर इस संबध में रेंजर मैलानी डीएस यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मैलानी रेंज की खरेहटा बीट की घटना बताई गई है। खरेहटा बीट जंगल क्षेत्र का इलाका है। अक्सर वहां बाघ, तेंदुआ, गुलदार पहुंचते हैं। युवक के बयान के आधार पर घटनास्थल पर बाघ के पदचिह्न आदि की जांच के बाद युवक पर बाघ हमले की पुष्टि होगी।