लखीमपुर खीरी। शहर के नौरंगाबाद चौराहे पर शनिवार देर शाम पान की दुकान पर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ युवकों ने एक युवक को पकड़कर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया।
चौराहे पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई। नौरंगाबाद चौराहा शहर का प्रमुख स्थान होने के बावजूद घटना के समय वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि विवाद पान की दुकान पर किसी बात को लेकर हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। वायरल वीडियो में युवक को सड़क पर गिराकर छह-सात लोगों द्वारा पीटे जाते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है। मारपीट के दौरान आसपास खड़ी दो बाइकें भी गिर गईं।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो से घटना की जानकारी हुई है, अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, जांच की जा रही है। संवाद