दुधवा में लंबी कूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती छात्रा। स्रोत : डीटीआर
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में मनाए जा रहे वन्य प्राणी सप्ताह के चौथे दिन कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
दुधवा नेशनल पार्क के पर्यटन परिसर में सुबह नौ बजे से प्रतियोगिताओं का शुभारंभ पार्क के डीडी जगदीश आर ने कराया। उनकी निगरानी में वार्डेन दुधवा महावीर सिंह की देखरेख में प्रतियोगिताएं हुईं। सबसे पहले लंबी कूद का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्येक स्कूल के बच्चों ने लंबी कूद में हिस्सा लिया। इसके अलावा यहां 100 मीटर दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें कक्षा नौ से 12 तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
गोला फेंक व रस्साकशी प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। इसमें गोला फेंक में प्रत्येक स्कूल से एक व रस्साकशी में प्रत्येक स्कूल के पांच बच्चों ने प्रतिभाग किया। डीडी जगदीश आर ने बताया कि प्रतियोगिताओं का दौर समापन के दिन तक चलता रहेगा और सभी विजेता व उपविजेता रहे प्रतिभागियों के नामों की घोषणा अंतिम दिन करने के बाद इसी दिन पुरस्कार वितरण का आयोजन भी किया जाएगा।