ड्यूटी पर जाने को कहकर निकला था घर से
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी युवक सोमवार की शाम अलीगंज रोड पर सीतापुर ब्रांच की शारदा नहर में नहाते समय डूब गया था, जिसका दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ उसकी काफी तलाश की लेकिन सफलता न मिलने पर अब पीएसी की फ्लैड स्क्वायड टीम बुलाई है।
मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी साजन(30) सोमवार की शाम को अपने दो अन्य साथियों के साथ एक बाइक पर सवार होकर अलीगंज रोड स्थित सीतापुर ब्रांच की शारदा नहर में नहाने गया था, जो नहर में नहाते समय डूब गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिवार वालों को बाइक नहर के पास खड़ी मिली और कपड़े भी पुल के किनारे सीढ़ियों पर रखे मिले थे। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुल से लेकर दो किलोमीटर आगे झाल तक उसकी तलाश की, किंतु दूसरे दिन भी साजन का कोई पता नहीं चल सका। सफलता न मिलने पर पीएसी की फ्लैड स्क्वायड टीम को बुलाया गया है। एसडीएम घनश्याम त्रिपाठी ने बताया कि नहर में डूबे युवक की तलाश की जा रही है। नहर को बंद कराया गया है।
ड्यूटी पर जाने की बाद कहकर निकला था साजन
गोला गोकर्णनाथ। डूबे युवक के घर पर रोती बिलखती मां सुशीला और गर्भवती पत्नी पूजा ने बताया कि साजन सोमवार की सुबह नौ बजे ड्यूटी पर जा रहा है, कहकर घर से निकला था। साजन घरथनियां गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। साजन को बिजुआ में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में भी जाना था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। किंतु नहर में नहाने जाना परिवार वालों के गले नहीं उतर रहा है। मां ने बताया कि उसके दो बेटे थे, जिसमें बड़े बेटे मोनू उर्फ राजन की दो फरवरी 2012 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब साजन ही उनके बुढ़ापे की लाठी था।
पिता को पड़ गया हार्ट अटैक
गोला गोकर्णनाथ। साजन के नहर में डूबने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवारवाले घटनास्थल पर पहुंचे, तभी अचानक अपने बेटे को नदी में डूबने की सूचना से वद्ध पिता श्यामू महंत की तबियत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में लखनऊ रेफर किया गया है। परिवार वालों ने बताया कि पुत्र के गम में श्यामू को हार्टअटैक हुआ है।