फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाढ़ समस्या का समाधान और नगर को चमकाने का वादा कर गए योगी

Sat, 25 Nov 2017 11:02 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  लखीमपुर खीरी। 
विज्ञापन
वादा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
22 मिनट के भाषण में आठ माह की उपलब्धियां गिनाकर खींचा नगर के विकास का खाका 
विज्ञापन

- बोले, हमारी सरकार आते ही चीनी मिलें किसानों को कर रही 14 दिनों में भुगतान 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। सीएम ने वादा किया कि वह जिले की बाढ़ समस्या का समाधान और नगरों को चमकाने का संकल्प ले चुके हैं, जिसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब चीनी मिलें किसानों को 14 दिन में गन्ना मूल्य का भुगतान कर रहीं हैं। इससे किसानों के साथ ही नगर के व्यापार में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि खीरी के 76 हजार किसानों का कर्जा माफ किया गया है। योगी ने नगर विकास का खाका खींचते हुए कहा कि अच्छी सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई जनता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों को सक्षम और जवाबदेह बनाया जाएगा, जिसके लिए सही प्रत्याशियों का चुनाव करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों ने भ्रष्टाचार और अराजकता फैलाई है। इस दौरान योगी ने निकाय चुनाव लड़ रहीं लखीमपुर नगर से निरुपमा मौनी वाजपेयी, गोला से विजय शुक्ला रिंकू, पलिया से केबी गुप्ता, मोहम्मदी से संदीप कन्हैया मेहरोत्रा समेत सभी प्रत्याशियों का परिचय कराते हुए जिताने की अपील की। इसके बाद योगी ने जय श्री राम के नारे के साथ भाषण समाप्त किया।

नरम दिखने वाले योगी कानून और प्रशासन पर कड़क दिखे
चेहरे और वेशभूषा से नरम दिखने वाले सीएम योगी आदित्यनाथ चुनावी जनसभा में कानून और प्रशासन के मुद्दे पर कड़क दिखे। उन्होंने दो टूक कहा, देशद्रोहियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। शहर में देशद्रोहियों ने झंडे फहराए हैं तो उन्हें बख्शें नहीं। ऐसे लोगों को सख्ती से कुचल दें। राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता से समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा प्रदेश में बेहतर होती कानून-व्यवस्था से औद्योगिक इकाइयों द्वारा निवेश का माहौल बना है, जिसे बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कैराना का हवाला देते हुए कहा कि कानून का राज स्थापित किया गया, जिससे भयमुक्त होकर व्यापारी वापस लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही कानून का राज्य स्थापित करने के लिए गुंडे-माफियाओं पर नकेल कसने के साथ ही अवैध बूचड़खानों को बंद कराया गया। 
विज्ञापन


युवाओं को मिलेगा रोजगार 
मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश में चार लाख नौकरियां युवाओं का इंतजार कर रही हैं। अगले महीने 50 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती की जाएगी, जबकि 1.50 लाख स्थान रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि चतुर्थ और तृतीय ग्रुप की नौकरियों में इंटरव्यू खत्म कर दिया है। इससे जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकेगा। स्किल इंडिया के तहत युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार देने की बात कही। 

पुलिस लाइंस से सभास्थल तक बंद कराया बाजार 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर पुलिस लाइंस ग्राउंड में उतरा, जहां से उनके सभास्थल तक पहुंचने के मार्ग पर पड़ने वाली दुकानों को सुबह से ही बंद करा दिया गया। जगह-जगह बैरीकेडिंग कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया। इससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर कचेहरी रोड, नौरंगाबाद रोड और डीसी रोड पर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा पहरा रहा। 

जनता ही मोदी और योगी का परिवार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आजम पर साधा निशाना 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि नगर निकाय चुनाव से चेयरमैन, सदस्य ही नहीं बनाने हैं, बल्कि नगरों में बेहतर टीम का चुनाव करना है। मोदी और योगी के सपने सकारात्मक हैं और उनके लिए जनता ही परिवार है। उन्होंने नगरीय विकास के लिए 27 सूत्रीय एजेंडा के बारे में कहा कि बेहतर आवागमन, पार्कों का सौंदर्यीकरण, पटरी/खोमचा/रेहड़ी व्यवसाइयों का पुनर्वास, स्लम बस्तियों में साफ-सफाई, बिजली, पानी आदि प्रमुख मुद्दों पर काम करना है। उन्होंने आजम खां का बिना नाम लिए उन पर निशाना साधते हुए कहा कि उल्टी खोपड़ी के नेता को नगर विकास का जिम्मा सौंपकर इस मद में आवंटित धनराशि को नियोजित तरीके से हड़पने का कार्य किया गया। प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नकिकाय चुनाव में भाजपा का अध्यक्ष नहीं बना तो उन शहरों का समग्र विकास नहीं हो सकेगा।

जनसभा को इन्होंने किया संबोधित
जनसभा को जिलाध्यक्ष शरद वाजपेयी, सांसद अजय मिश्र टेनी, रेखा वर्मा समेत आठों विधायकों ने संबोधित किया। मंच का संचालन सुनील सिंह ने किया। कार्यक्रम में महामंत्री कुलभूषण सिंह, अनुराग मिश्रा, रश्मि वाजपेयी, सुमन सिंह, मनीष साहनी, अनुपम अवस्थी, डॉ सतीश वाजपेयी, विजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे। 

आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ताओं और कांग्रेसी नेता को किया नजरबंद
लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के आगमन पर उन्हें किसी तरह के विरोध प्रदर्शन का सामना न करना पड़े इसे लेकर प्रशासन काफी एलर्ट रहा। पिछले दो माह से नसीरुद्दीन मौजी भवन में धरना प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी वर्कर्स को कई घंटों तक महिला थाने में बंधक बनाए रखा गया। मुख्य मंत्री के जाने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। हालांकि मुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शन करने का उनका कोई इरादा नहीं था।
विज्ञापन

दूसरी तरफ युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक शर्मा को सुबह से उनके घर में नजरबंद कर दिया। इसके बाद करीब पांच घंटे तक कोतवाली में बिठाए रखा गया। शशांक शर्मा मुख्यमंत्री के आगमन पर उन्हें जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर मांगपत्र देने वाले थे। इसी तरह विरोध प्रदर्शन का इरादा रखने वाले लोगों पर प्रशासन की कड़ी नजर रही।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें