केंद्रीय मंत्री श्रीपाद येस्सो नाईक ने कहा
केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपाद येस्सो नाईक ने कहा कि इस बार 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अच्छी सेहत के लिए लोग ऊं को अपनाएं और योग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछली बार जिन लोगों ने ऊं का विरोध किया था, वह इस बार स्वस्थ शरीर के लिए जरूर ऊं कहेंगे। वह बोले कि प्रतिदिन योग करके हम अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं।
ऊं शब्द को लेकर एक समुदाय की ओर से जताई जा रही आपत्ति पर उन्होंने कहा कि जो ऊं का उच्चारण नहीं करना चाहता है वह न करे लेकिन योग अवश्य करे, क्योंकि योग हमारे शरीर को स्वस्थ रखता है। उन्होंने बताया कि इस बार 21 जून को होने वाला योग दिवस सरकार नहीं बल्कि आयुष मंत्रालय आयोजित कराएगा। दादरी के एखलाक मामले में कहा कि कानून अपना काम करेगा। केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए चल रही बहस के सवाल को टाल दिया। उन्होंने कहा कि इसका फैसला हाईकमान लेगा। वक्त आने पर सब कुछ साफ हो जाएगा।