दुधवा नेशनल पार्क के डीडी मामले की करवा रहे हैं जांच
संपूर्णानगर। दुधवा नेशनल पार्क की सठियाना रेंज के अंबरगढ़ जंगल में लकड़ी बीनने गई एक नेपाली महिला का शव मिला है। सूचना पर नेपाली एपीएफ के साथ ही संपूर्णानगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। नेपाली एपीएफ के जवान के मुताबिक, महिला को जंगली हाथियों के एक झुंड ने कुचल दिया है। शव की हालत देखकर दुधवा पार्क के डीडी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। हालांकि वह मामले की जांच करा रहे हैं।
दुधवा नेशनल पार्क की सठियाना रेंज के अंबरगढ़ में बृहस्पतिवार को कुछ नेपाली महिलाएं जंगल के अंदर लकड़ी बीनने गई थीं। बताया गया कि वहां हाथियों ने महिलाओं को दौड़ा लिया, जिस पर अन्य महिलाएं भाग गईं, लेकिन एक महिला उन हाथियों के झुंड की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एपीएफ के एक जवान ने बताया कि नेपाल की धन्ना देवी (60) पास के ही नेपाली गांव में रहती थी, जिनको हाथी ने कुचल दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने भी पहुंचकर महिला के शव को नेपाल एपीएफ के सुपुर्द किया था। उधर, दुधवा नेशनल पार्क के डीडी मनोज सोनकर ने बताया कि एक महिला का शव जंगल में मिला है, लेकिन हाथी ने उसे मारा है ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है।